देहरादून,उत्तराखंड। विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण उत्थान महासमिति, उत्तराखण्ड द्वारा विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता एवं सनातन सांस्कृतिक चेतना के जागरण के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में नगरवासियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर समाज के पिछड़े वर्गों एवं सम्मानित पर्यावरण मित्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था को भी आमंत्रित किया गया, जिसमें बीके स्वाति बहन ने सहभागिता की। उनकी उपस्थिति एवं सहभागिता ने आयोजन को आध्यात्मिक आयाम प्रदान किया।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वर्तमान प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र जी, रविंद्र कुमार वाल्मीकि जी, गोविंद पांडे जी, वंदना सेमवाल जी, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल महावीर शर्मा जी, सेवानिवृत्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, उत्तराखण्ड पुलिस जे. बी. पांडे जी, हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष विशाल शर्मा जी एवं अखिल ब्राह्मण उत्थान महासमिति, उत्तराखण्ड के प्रदेश महामंत्री गोविंद वल्लभ पाण्डे जी की गरिमामय उपस्थिति रही।







