मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।रीवा: नशा मुक्ति, आध्यात्मिक जागरूकता एवं पारिवारिक सद्भावना का संदेश लेकर जिला...

रीवा: नशा मुक्ति, आध्यात्मिक जागरूकता एवं पारिवारिक सद्भावना का संदेश लेकर जिला पुलिस प्रशासन और ब्रह्माकुमारीज़ पहुंचे घर-घर

रीवा,मध्य प्रदेश। शहर के गंगानगर कबाड़ी मोहल्ला क्षेत्र में समाज को नशामुक्त एवं संस्कारित बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन और ब्रह्माकुमारीज़ रीवा के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर लोगों को नशे से दूर रहने, पारिवारिक शांति बनाए रखने तथा आध्यात्मिक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

यह विशेष अभियान लगातार रीवा पुलिस एवं ब्रह्माकुमारीज़ प्रतिनिधि दल द्वारा चलाया जाएगा।

अभियान के दौरान टीम ने मोहल्ले के विभिन्न घरों में पहुंचकर लोगों को बताया कि नशा व्यक्ति के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। यदि परिवार में आध्यात्मिकता, प्रेम, शांति और सद्भावना का वातावरण विकसित किया जाए तो समाज स्वतः सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकता है। लोगों को राजयोग मेडिटेशन एवं आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से तनावमुक्त और नशामुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी गई।

जगह-जगह लोगों को विशेष रूप से नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया। अभियान के दौरान यह संदेश दिया गया कि जो लोग किसी भी प्रकार का नशा नहीं करते हैं, वे भविष्य में भी इससे दूर रहने का संकल्प लें तथा जो लोग नशे की आदत से ग्रसित हैं, वे जिला पुलिस प्रशासन एवं ब्रह्माकुमारीज़ का सहयोग लेकर अपने जीवन को नशामुक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ें। उपस्थित अधिकारियों एवं ब्रह्मा कुमारीज़ के सदस्यों ने लोगों को विश्वास दिलाया कि समाज और प्रशासन उनके सकारात्मक परिवर्तन में हर संभव सहयोग करेगा।

इस अभियान की सबसे विशेष बात यह रही कि क्षेत्र के हर समुदाय के लोगों ने इसमें सहभागिता दिखाई। हिंदू, मुस्लिम एवं सिख समाज के लोगों ने एकजुट होकर नशामुक्ति एवं आध्यात्मिक जागरूकता के इस प्रयास को दिल से सराहा तथा इसे समाजहित में अत्यंत आवश्यक अभियान बताया। लोगों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में भाईचारा, सद्भावना और सकारात्मक वातावरण को मजबूत करते हैं।

जनजागरण यात्रा में विशेष रूप से ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाया जा रहा एक वर्षीय “द्वादश ज्योतिर्लिंग आध्यात्मिक अभियान” भी शामिल रहा। यात्रा में भोलेनाथ शिव बाबा का सुसज्जित रथ आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपने घरों से बाहर आए। शिव बाबा के संदेशों एवं आध्यात्मिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और सकारात्मक बना दिया।

अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन एवं ब्रह्मा कुमारीज़ के सदस्यों ने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें तथा समाज निर्माण में सहभागी बनें। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में अत्यंत प्रेरणादायी अभियान बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments