मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।रीवा: ऐतिहासिक लक्ष्मण बाग बहुली को जीवित एवं संरक्षित बनाए रखने हेतु...

रीवा: ऐतिहासिक लक्ष्मण बाग बहुली को जीवित एवं संरक्षित बनाए रखने हेतु चला विशेष सफाई अभियान, नशा मुक्ति का दिलाया संकल्प

रीवा,मध्य प्रदेश। ऐतिहासिक एवं प्राचीन महत्व से जुड़ी लक्ष्मण बाग स्थित बहुली परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह बहुली राजा-महाराजाओं के समय की बताई जाती है तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर के रूप में विशेष पहचान रखती है। इस ऐतिहासिक बहुली को जीवित एवं संरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम, सामाजिक संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान में नगर निगम की टीम, पत्रिका समाचार प्रतिनिधि, पार्षदगण, समाजसेवी, लक्ष्मण बाग संस्थान की टीम, स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जन अभियान परिषद से अमित जी एवं उनकी पूरी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ने भी अभियान में बढ़चढ़ कर सहभागिता निभाई। संस्थान की ओर से बीके प्रकाश भाई, बीके विजय देव, बीके सुभाष भाई, बीके दीपक भाई, बीके रितिका बहन, बीके रोहित भाई एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सफाई कार्य करते हुए स्वच्छता, जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त कमिश्नर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने स्वयं सफाई अभियान में सहयोग प्रदान करते हुए कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संस्थाओं एवं नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
अभियान के दौरान ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए स्वस्थ, स्वच्छ एवं संस्कारित समाज निर्माण का आह्वान किया गया। साथ ही सभी को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने ऐतिहासिक बहुली की स्वच्छता एवं संरक्षण को निरंतर बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों तक इसकी पहचान सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments