Homeराज्यछत्तीसगढ़अंबिकापुर: साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंबिकापुर: साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंबिकापुर,छत्तीसगढ़। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार एवं श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय के नेतृत्व में सरगुजा जिले में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय चोपड़ापारा, अंबिकापुर में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर विशेषज्ञ अनुज जायसवाल एवं अविनाश पासवान तथा एयरटेल ग्राहक सेवा अधिकारी सिद्धार्थ पांडे उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों को साइबर क्राइम के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी जी ने कहा कि आज हम लालच में आकर बहुत जल्दी धनवान बनने के चक्कर में किसी भी मैसेज, कॉल या आकर्षक ऑफर पर विश्वास कर लेते हैं, जिसके कारण साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि करोड़पति बनने के चक्कर में हम और ही कंगाल बन जाते हैं। इसलिए हमें अपने लालच पर नियंत्रण रखते हुए स्वयं को संतुष्ट रखना चाहिए और ऐसे किसी भी प्रलोभन से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान साइबर विशेषज्ञों द्वारा फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक, ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड एवं सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय