शिमला,हिमाचल प्रदेश। होली हेवन स्कूल के वार्षिक समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री विद्यानंद शर्मा ने ब्रह्माकुमारी संस्था की दुर्गा बहन एवं बी.के. अदिति बहन को उनकी आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से ब्रह्माकुमारी बहनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक चिंतन, नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागृति एवं संस्कारों के प्रसार के प्रयासों की सराहना की गई।


समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व आर.डी. मंत्री श्री रूप दास कश्यप रहे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने उन्हें ईश्वरीय साहित्य भेंट कर सम्मानित किया तथा आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग के माध्यम से मनुष्य के जीवन में शांति, सकारात्मकता और श्रेष्ठ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ मूल्यपरक एवं संस्कारयुक्त शिक्षा देना भी आवश्यक है। आत्मिक जागरूकता, अनुशासन, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों से विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकते हैं।
विद्यालय के चेयरमैन श्री विद्यानंद शर्मा ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा समाज में किए जा रहे आध्यात्मिक एवं मूल्यपरक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सकारात्मक जीवन-दृष्टि अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक, विद्यार्थी तथा जनसंघ के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





