चंडीगढ़: ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र ज्ञान ज्योति, सेक्टर 48, की ओर से ओपन एयर थिएटर, सेक्टर 48 के बड़े पार्क में वृद्धजनों के सम्मान एवं उनके गरिमापूर्ण जीवन के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम “संगम — गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 वृद्धजनों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बी.के. कोमल बहन द्वारा ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान का संक्षिप्त एवं सुंदर परिचय प्रस्तुत करते हुए किया गया। इसके पश्चात् कुमारी आराध्या ने मनमोहक स्वागत नृत्य के माध्यम से सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का हृदय से स्वागत किया।
सेक्टर 46 की केंद्र प्रभारी बी.के. पूनम दीदी ने अपने स्नेहपूर्ण शब्दों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए परिवार में बुजुर्गों के प्रति प्रेम, आदर एवं सम्मान की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सेक्टर 43 की केंद्र प्रभारी बी.के. कविता दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में परिवार की दोनों पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान एवं आपसी समझ को मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने वरिष्ठजनों से कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर छोटी-छोटी बातों पर बहू-बेटियों को बार-बार टोकने से घर का वातावरण प्रभावित हो सकता है, इसलिए प्रेम और समझदारी से परिस्थितियों को स्वीकार करना चाहिए।
साथ ही उन्होंने युवा पीढ़ी को भी संवेदनशील बनने का संदेश देते हुए कहा कि एक उम्र के बाद बुजुर्ग भी बच्चों के समान हो जाते हैं। कई बार वे अपनी बातें दोहराते हैं, ऐसे में उनकी बातों को मन और चित्त पर न रखते हुए बच्चों की तरह प्रेम एवं धैर्य से उनका सम्मान करना चाहिए। उनका संदेश परिवार में दोनों पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान, सहनशीलता और सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा देने वाला रहा।
इसके पश्चात् बी.के. अर्शीया ने कविता के माध्यम से अपने मन के भावों को सुंदर रूप में व्यक्त किया। उनकी भावपूर्ण कविता ने उपस्थित सभी के हृदय को स्पर्श किया और कार्यक्रम के संदेश को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
कार्यक्रम में बी.के. जयगोपाल लूथरा भाई ने अपने मधुर गीत-संगीत से सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। उन्होंने अनेक लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए, जिनका उपस्थित जनों ने खूब आनंद लिया और वातावरण में उत्साह एवं उमंग भर गई।
कार्यक्रम का सुंदर एवं प्रभावशाली मंच संचालन सेक्टर 48 की केंद्र प्रभारी बी.के. चन्द्रकला दीदी ने किया। उन्होंने अपनी कुशल संचालन शैली से पूरे कार्यक्रम को सहज, रोचक एवं जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री परवीन नारंग जी उपस्थित रहे। उन्होंने पूरे कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई और अंत में ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा समाज में किए जा रहे सकारात्मक एवं मूल्यनिष्ठ कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में बी.के. पूनम दीदी ने सभी उपस्थित जनों से एक सुंदर एवं प्रेरणादायी प्रतिज्ञा करवाई कि वे अपने घर में बड़ों एवं बुजुर्गों का सदैव आदर-सम्मान करेंगे तथा उनके प्रति प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता का भाव रखेंगे एवं सभी प्रकार के नशों और व्यसनों से दूर रहने की भी प्रतिज्ञा करवाई l सभी को नशा मुक्त जीवन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया l इस सामूहिक संकल्प ने कार्यक्रम के मूल उद्देश्य को एक सार्थक दिशा प्रदान की।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित वृद्धजनों एवं परिवारजनों को टोली एवं सौगात भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। कार्यक्रम ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, परिवार में आपसी समझ तथा पीढ़ियों के बीच प्रेम और मधुर संबंधों का सुंदर संदेश दिया।
यह आयोजन न केवल वृद्धजनों के सम्मान का अवसर बना, बल्कि परिवार एवं समाज में “बुजुर्गों का सम्मान — परिवार की शान” का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित करने वाला एक यादगार आयोजन रहा।







