Homeसमाचाररीवा: सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण के संकल्प को ब्रह्माकुमारीज़ ने दिया...

रीवा: सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण के संकल्प को ब्रह्माकुमारीज़ ने दिया आध्यात्मिक विस्तार

राष्ट्रीय एकता दिवस पर शांति धाम रीवा में गरिमामय आयोजन, राजयोग एवं श्रेष्ठ संस्कारों से अखंड भारत के निर्माण का आह्वान

रीवा,मध्य प्रदेश। भारत की राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के शिल्पकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ सबजोन झिरिया, शांति धाम रीवा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र की एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सरदार पटेल के अद्वितीय राष्ट्र समर्पण, त्याग, दूरदर्शिता एवं दृढ़ संकल्प को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में रीवा क्षेत्र की संचालिका राजयोगिनी बीके लता बहन जी, मऊगंज संचालिका बीके पूर्णिमा बहन जी, मध्यांचल ग्रामीण बैंक की पूर्व मैनेजर शिखा चिटके जी, दिव्य नगरी के डायरेक्टर राजभान पटेल जी, आईटीआई प्राचार्य दीपक तिवारी जी, बीएसएनएल के पूर्व मैनेजर प्रमोद सोनी जी, योग शिक्षक बीके विजय देव जी, इंजीनियर बीके सत्येंद्र जी एवं बीके पीयूष जी की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही बीके गुड़िया, बीके ज्योति, अन्य समर्पित बहनों एवं स्टूडेंट मातृशक्तियों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रीवा क्षेत्र की संचालिका राजयोगिनी बीके लता बहन जी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, अटूट इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण से अनेक रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण संपूर्ण विश्व के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता केवल भौगोलिक एकता की नहीं, बल्कि मन की एकता, बुद्धि की एकता, विचारों की एकता और श्रेष्ठ संस्कारों की भी है। जब हृदय में प्रेम, व्यवहार में मधुरता और विचारों में सद्भावना होगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र में वास्तविक एकता स्थापित होगी। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था राजयोग मेडिटेशन एवं आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से मनुष्य के संस्कारों का रूपांतरण कर उसे श्रेष्ठ एवं देवतुल्य बनाने का पुनीत कार्य कर रही है।

मध्यांचल ग्रामीण बैंक की पूर्व मैनेजर शिखा चिटके जी ने सरदार पटेल के जीवन से त्याग, निःस्वार्थ सेवा और राष्ट्रहित की प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने के उनके आदर्शों को त्याग की वास्तविक परिभाषा बताया।

दिव्य नगरी के डायरेक्टर राजभान पटेल जी ने सरदार पटेल की शिक्षा, दूरदर्शिता, प्रशासनिक क्षमता एवं अद्भुत नेतृत्व कौशल पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व को राष्ट्र निर्माण और संगठन शक्ति का अनुपम उदाहरण बताया।

आईटीआई प्राचार्य दीपक तिवारी जी ने सभी वक्ताओं के विचारों का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने की सार्थकता तभी है, जब उनके आदर्श हमारे आचरण और जीवनशैली में दिखाई दें। सरदार पटेल का जीवन प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

बीएसएनएल के पूर्व मैनेजर प्रमोद सोनी जी ने अपने सारगर्भित एवं सुंदर शब्दों के माध्यम से सभी अतिथियों, वक्ताओं और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

योग शिक्षक बीके विजय देव जी ने उपस्थित जनसमूह को सामूहिक संकल्प दिलाते हुए अखंड भारत, नशामुक्त भारत, स्वस्थ भारत एवं पुनः विश्वगुरु भारत के निर्माण के लिए सभी को अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त जीवन अपनाने, श्रेष्ठ संस्कार धारण करने और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन बीके सुभाष जी ने किया। स्टूडेंट मातृशक्तियों एवं बीके समर्पित बहनों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय त्याग, तपस्या, राष्ट्रभक्ति और ऐतिहासिक योगदान को हृदय से नमन करते हुए उपस्थित सभी अतिथियों एवं भाई-बहनों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष बल दिया कि जिस प्रकार सरदार पटेल ने अनेक रियासतों को जोड़कर अखंड भारत के निर्माण में योगदान दिया, उसी प्रकार आज प्रत्येक नागरिक को अपने श्रेष्ठ विचारों, पवित्र भावनाओं और मधुर व्यवहार से समाज के बिखरते संबंधों को जोड़ना होगा। राजयोग और आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से मनुष्य के संस्कारों में सकारात्मक परिवर्तन लाकर प्रेम, शांति, सद्भावना एवं भाईचारे से परिपूर्ण समाज का निर्माण ही सच्ची राष्ट्रीय एकता का आधार है।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय