बिलासपुर:जानकारी न होते भी स्वयं को ज्ञानी समझने से किशोर भी हो रहे साइबर फ्रॉड के शिकार – आई.पी.एस. पूजा कुमार, सी.एस.पी., सिटी कोतवाली

0
40

जानकारी न होते भी स्वयं को ज्ञानी समझने से किशोर भी हो रहे साइबर फ्रॉड के शिकार – आई.पी.एस. पूजा कुमार, सी.एस.पी., सिटी कोतवाली
 व्यसन से इन्कार व हर राही का सम्मान कर जीवन से करें प्यार – ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी
– जिला पुलिस के अभियान के द्वितीय चरण साइबर फ्रॉड के विरुद्ध चेतना एवं आध्यात्मिक चेतना द्वारा शारीरिक व मानसिक दुर्घटना से बचाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़, यातायात प्रभाग का राष्ट्रीय अभियान – ‘यात्री कृपया ध्यान दें…’ का शुभारम्भ
– आई.पी.एस. पूजा कुमार, डी.एस.पी. सिद्धार्थ बघेल, मंजू दीदी व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारम्भ

बिलासपुर राज किशोर नगर,छत्तीसगढ़ : 12 से 18 वर्ष उम्र के बच्चे जानते नहीं पर स्वयं को ज्ञानी समझते हैं और निजी जानकारियां साझा कर साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं। उक्त बातें ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित इस बहुद्देशीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोतवाली प्रभारी आई.पी.एस. पूजा कुमार ने कही.

चेतना अभियान के दूसरे चरण ‘साइबर फ्रॉड के विरूद्ध चेतना’ विषय पर उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए बताया कि लालच भरे, परिस्थितियों का फायदा उठाने वाले, धमकियों भरे, पुलिस का डर बताने वाले अज्ञात कॉल्स को बिना पुष्टि करे स्वीकार न करें, अज्ञात लिंक को टच व अनजान व्यक्ति को ओटीपी साझा न करें। अपनी परेशानियां घर वालों से शेयर जरूर करें व पुलिस की सहायता लें।

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा शुरू किये गये चेतना अभियान के तहत यातायात की पाठशाला को बिलासपुर वासियों ने जिस प्रकार सहयोग दिया उससे पुलिस विभाग बहुत उत्साहित है। इसके लिए उन्होंने बिलासपुर वासियों का आभार व्यक्त किया।

सड़क-सुरक्षा संकेतों व नियमों के आधार पर हम शरीर को दुर्घटना से बचाने का कार्य करते हैं परन्तु व्यसन, अवगुण, बुराईयां हमारे तन के साथ मन को भी असुरक्षित करते हैं। तन, मन, धन व संबंधों की सुरक्षा के उद्देश्य से ही ब्रह्माकुमारीज़ के यातायात एवं परिवहन प्रभाग द्वारा राष्ट्रीय अभियान – ‘यात्री कृपया ध्यान दें…’ आरम्भ किया गया है। कार्यक्रम का शुभारम्भ सी.एस.पी. बिलासपुर पूजा कुमार, डी.एस.पी. सिद्धार्थ बघेल, रेलवे क्षेत्र के वरिष्ठ सामग्री प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह, कर्नल स्कूल के डायरेक्टर आर.के. त्रिपाठी, गीता त्रिपाठी, सेवा एक नई पहल की रेखा आहूजा एवं कमल जेठमलानी, ब्र.कु. मंजू दीदी व अन्य बहनों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अभियान के बारे में बताते हुए ब्रह्माकुमारीज़ टिकरापारा सेवाकेन्द्र प्रभारी ब्र.कु. मंजू दीदी ने कहा कि यह अभियान विशेष परिवर्तन का कार्य करेगा। इस अभियान में सतर्कता से सफलता के साथ जीवन को व्यसन मुक्त बनाने, भोजन में सात्विकता लाने, नैतिक मूल्यों को अपनाने, हर राही का सम्मान करने, मुस्कान को अपनी पहचान बनाने, सुखद स्मृतियों को संजोने की प्रेरणा सभी को देने का लक्ष्य बनाया गया है।

ट्रैफिक सिग्नल जीवनयात्रा आनंददायक बनाने का भी देते हैं संकेत – बीके मंजू
यातायात संकेतों से प्रेरणा लेकर जीवन यात्रा को किस प्रकार आनंदमय बनाया जा सकता है इस पर कार्यक्रम की शुरूआत में मंजू दीदी ने पीपीटी के माध्यम से ‘सद्भावना के साथ यात्रा’ विषय पर बहुत रोचक प्रस्तुति दी जिसे सभी ने बहुत सराहा।

पुलिस विभाग की ओर से ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी व अन्य सक्रिय सदस्यों को 3पी प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया…
आई.पी.एस. पूजा कुमार एवं डी.एस.पी. सिद्धार्थ बघेल ने ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी एवं उनके साथ के सक्रिय सदस्यों को यातायात की पाठशाला में उत्कृष्ट सहयोग के लिये ट्रिपल पी – पुलिस-पब्लिक-पार्टिसिपेशन प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। सडक दुर्घटना के पश्चात् के परिणामों को बताते लघु नृत्य नाटिका ‘यमराज का दरबार’ का सभी ने आनंद उठाया। अंत में अतिथियों को ईश्वरीय सौगात व सभी को भोग वितरित किया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें