मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।जबलपुर में ब्रह्माकुमारीज के नये भवन प्रभु उपहार भवन का लोकार्पण म.प्र....

जबलपुर में ब्रह्माकुमारीज के नये भवन प्रभु उपहार भवन का लोकार्पण म.प्र. के लोक निर्माण मंत्री जी ने किया-

– ब्रह्माकुमारी बहनें समाज को बुराईयों से मुक्ति का मार्ग दिखा रही हैं…राकेश सिंह, लोक निर्माण मंत्री।

– आज दुनिया को शुभ भावना और शुभकामना की सबसे अधिक जरूरत…ब्रह्माकुमारी आशा दीदी।

– जबलपुर में ब्रह्माकुमारीज के नये भवन प्रभु उपहार भवन का लोकार्पण मंत्री ने किया।

– स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

जबलपुर (म.प्र.)। म.प्र. के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आज समय के साथ समाज में अनेक बुराईयां आ गई हैं। ब्रह्माकुमारी बहनें समाज को उन बुराईयों से मुक्ति का रास्ता बतला रही हैं। इन तपस्वी बहनों की उपस्थिति से ही मन में शान्ति, शक्ति और पवित्रता की अनुभूति होने लगती है। यह ईश्वरीय कृपा से ही सम्भव है।

श्री राकेश सिंह प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा जबलपुर के प्रेमनगर क्षेत्र में नवनिर्मित सेवा केन्द्र शिव उपहार भवन के लोकार्पण अवसर पर आयोजित विश्व सद्भावना समारोह में अपने विचार रख रहे थे। विषय था- विश्व सद्भावना आज की आवश्यकता।

लोक निर्माण मंत्री ने आगे कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं कि हमारा जन्म भारत में हुआ। यह सन्तों और तपस्वियों की भूमि है। आज समय के साथ समाज में अनेक बुराईयां आ गई हैं किन्तु इस मिट्टी में ऐसी ताकत है कि इन बुराइयों से मुक्ति की राह स्वयं से सिखाती है। उन्होंने कहा कि श्वेत वस्त्र तो बहुत लोग पहनते हैं लेकिन ब्रह्माकुमारी बहनों के श्वेत वस्त्र में शान्ति और पवित्रता छिपी है। उन्होंने सभा में उपस्थित विभिन्न राज्यों से आयी बह्माकुमारी बहनों का स्वागत करते हुए कहा कि आपका सान्निध्य अधिक से अधिक लोगों को मिले ऐसी अपेक्षा है ताकि समाज सद्भावना के मार्ग पर आगे बढ़े। इस संस्थान को जब भी मेरी जरूरत होगी मैं अपनी जिम्मेदारी निभाने उपलब्ध रहूंगा।

नई दिल्ली से पधारी ओम शान्ति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका और प्रशासक सेवा प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने कहा कि दुनिया में भवन तो अनेक बनते हैं लेकिन यह भवन इतिहास बदलने वाला भवन है। वर्तमान दुनिया मशीन, एआई और अधर्म की दुनिया है। ऐसी दुनिया को बदलने के लिए इस भवन का सेवा में लोकार्पण हो रहा है। यह जबलपुर को शिवबाबा का उपहार है। यह भवन सम्पत्ति के लिए नहीं बनी है और न ही बहनों के सुख या आराम के लिए बनी है परन्तु लोगों को परमात्मा का परिचय देकर उन्हें सुख शान्ति प्रदान करने के लिए बनी है।

उन्होने कहा कि आज दुनिया को शुभ भावना और शुभकामना की बहुत अधिक जरूरत है। यदि जीवन में सदैव सुख और शान्ति का अनुभव करना चाहते हैं तो दूसरों को कुछ देना सीखो। यह देने की भावना ही सुखी जीवन की कुंजी है। सद्भावना के लिए जीवन में सत्यता का होना जरूरी है। यह जानने की आवश्यकता है कि मैं कौन हूं? जब हम यह जान लेते हैं कि मैं आत्मा हूं और परमात्मा की सन्तान हूं तो यह आत्मिक दृष्टि ही विश्व में सद्भावना पैदा करेगी और भाईचारा बढ़ाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित विधायक अशोक रूहाणी ने कहा कि शिव उपहार भवन महज ईंटों और लोहे से नहीं बना है बल्कि इसमें ब्रह्माकुमारी बहनों की त्याग तपस्या और सेवा भावना छिपी हुई है।

क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने कहा कि यह भवन  शिवबाबा का जबलपुर वासियों को उपहार है। इस भवन में जिन लोगों ने अपना तन, मन और धन लगाया है उन्होंने अपना भाग्य बना लिया। क्योंकि यहां से जब लोगों को शान्ति मिलेगी तो उसका पुण्य सबको मिलेगा।

जबलपुर सेवाकेन्द्र की निदेशिका ब्रह्माकुमारी विमला दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शुभकामना व्यक्त की कि शिव उपहार भवन लोगों को विश्व सद्भावना, विश्व शान्ति और विश्व एकता का सन्देश देगा।

प्रारम्भ में महाराष्ट्र से आए हुए गायक ब्रह्माकुमार अविनाश भाई ने अपने मधुर स्वर में एक के बाद एक आध्यात्मिक गीतों की प्रस्तुति से शमा बांध दिया। स्थानीय कलाकारों ने भी रंग जमाया। युवा कलाकारों ने भांगड़ा नृत्य प्रस्तुत कर सबको उमंग उत्साह और जोश से भर दिया। कु. आरिधी ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। मोतीलाल शिवहरे ग्रुप के कलाकारों ने भी सुंदर क्लासिकल नृत्य प्रस्तुत कर मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी बाला दीदी ने किया।

इस अवसर बड़ी संख्या में नगर के प्रबुद्ध नागरिक और समाजसेवी उपस्थित थे।

प्रेषकः मीडिया प्रभाग

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, कटंगा

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments