मुख पृष्ठWingsMedical Wingहरपालपुर: नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शासकीय हाई सेकेंडरी...

हरपालपुर: नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल में ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

“नुक्कड़ नाटक से गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, हाई सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों ने ली शपथ”

हरपालपुर,मध्य प्रदेश। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मंगलवार को शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल में ब्रह्माकुमारी हरपालपुर सेवा केंद्र द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण प्रस्तुति एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रही, जिसमें विद्यार्थियों ने समाज में नशे के दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।

नाटक में व्यसन राज के साथ पाँच बड़े व्यसन — सिगरेट, तंबाकू, शराब, ड्रग्स और पान को पात्रों के रूप में दिखाया गया, जो लोगों के जीवन में घुसकर उनके स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को नष्ट करते हैं। कहानी के अंत में ब्रह्माकुमारी बहन के पात्र ने प्रवेश कर परमात्मा का शांति और शक्ति का संदेश दिया, जिससे व्यसन राज और उसके साथियों का अंत होता है और लोग नशे से मुक्त होकर नया जीवन शुरू करने का संकल्प लेते हैं। नाटक ने उपस्थित जनसमूह के हृदय को छू लिया और सभी को नशा मुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष अमित अग्रवाल, समाजसेवी महेंद्र सिंह परिहार, बलवंत पंजाबी, एसबीआई बैंक मैनेजर नितेश कुमार पांडे, हाई सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल वी.के. सक्सेना, ए ड्रीम प्ले स्कूल के प्रिंसिपल दिलीप नगरिया, एवं ब्रह्माकुमारी हरपालपुर प्रभारी बीके आशा दीदी सहित समस्त स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

मौके पर थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने सभी को नशा मुक्ति की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई और कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है।

ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “नशा मुक्ति सिर्फ एक संकल्प नहीं, बल्कि यह जीवन की दिशा बदलने का निर्णय है। जब मन और आत्मा परमात्मा की शक्ति और सकारात्मक विचारों से भर जाते हैं, तो नशे जैसी बुराइयों के लिए कोई स्थान नहीं बचता।” उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं नशा न करें और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

अंत में प्राचार्य वी.के. सक्सेना ने ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्र के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन उत्साह और अनुशासन के साथ हुआ तथा सभी ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दोहराया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments