मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।अलीराजपुर : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस...

अलीराजपुर : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम

अलीराजपुर, मध्य प्रदेश। हमारे क्षेत्र में आम, सीताफल, महुआ सहित अनेक स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं, जिन पर आधारित उद्योग स्थापित कर बड़े स्तर पर व्यापार किया जा सकता है, जिससे हमारे क्षेत्र के किसानों को ही लाभ मिलेगा। स्वदेशी अपनाने से हम आत्मनिर्भर बनेंगे, जिससे हमारा गांव आत्मनिर्भर बनेगा, उसी से हमारा जिला हमारा प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा। यह बात स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गोविंदा गुप्ता द्वारा कही गई।

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस क्रांतिकारी शहीद छीतू सिंह किराड़ शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीराजपुर में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम रन फॉर स्वदेशी तथा स्वामी विवेकानंद के प्रेरणास्पद उद्घोष उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए पर आधारित रही। जिसमें ब्रह्मा कुमारी परिवार से ब्रह्माकुमार बीके नारायण, भाजपा जिला मंत्री रितेश डावर, युवा मोर्चा जिला महामंत्री अंकित शाह, विधायक प्रतिनिधि एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गोविंदा गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर जैन, उद्योग विभाग प्रबंधक रोहित भिंडे, सहित महाविद्यालयीन परिवार सहित कई बच्चे मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथिगण द्वारा माँ शारदा एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो मीना सोलंकी द्वारा अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के आदर्श एवं भारत के महान महापुरुष हैं। उनसे प्रेरणा लेकर युवाओं को परिश्रम, मेहनत और संघर्ष के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
जिसके बाद जिला उद्योग व्यापार केंद्र, आलीराजपुर के प्रबन्धक रोहित भिंडे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत युवाओं का देश है और इसे सशक्त राष्ट्र बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है। स्वरोजगार के माध्यम से न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त किया जा सकता है बल्कि दूसरों को भी रोजगार दिया जा सकता है। उन्होंने जिला उद्योग व्यापार केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों को इसका लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
आगे कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्री गुप्ता ने स्वदेशी एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से शासकीय सेवाओं की तैयारियों के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी गतिविधियों पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।
समाजसेवी सुधीर जैन ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद से कर्मठता, साहस, कुशलता एवं स्थिरता का गुण अपनाना चाहिए। इतिहास विभाग के प्रो डॉ. लालसिंह निगवाल ने अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा, आत्मसंयम, नैतिकता एवं वसुधैव कुटुम्बकम की भावना हमें अनुशासित जीवन जीना सिखाती है और यही भारत को विश्वगुरु के पथ पर अग्रसर करती है।

अंतिम एवं अध्यात्म विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, इंदौर जोन के धार्मिक विभाग के प्रभारी बीके नारायण ने कहा कि भारत को समझने के लिए स्वामी विवेकानंद को समझना आवश्यक है। युवा शक्ति राष्ट्र की रीढ़ है। आज के युवाओं को आत्मविश्वास, स्वावलंबन, सकारात्मक सोच तथा आंतरिक शक्ति को मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए ध्यान एवं योग को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। वाणिज्य विभाग के प्रो डॉ. राकेश आवासीय ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और धन देश में ही रहेगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना पुरुष इकाई के कार्यक्रम अधिकारी प्रो भावसिंह डाबर महिला इकाई की प्रभारी प्रो ममता कनैश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ सीताराम गोले व आभार प्रो भावसिंह डावर ने व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments