जीवन उम्र से नहीं उमंग और उत्साह से चलता है – ब्रह्मा कुमारीज़
वृद्ध – हमारे परिवार के सूखे मेवे – बी के श्रीवास्तव
छतरपुर, मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में आज दोपहर “संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन ” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आगाज परमपिता परमात्मा को याद कर किया गया । विद्यालय की बहनों द्वारा सभी अतिथियों एवं सभा में मौजूद वृद्धजनों का तिलक, फूल और उपर्णा पहनाकर स्वागत किया गया ।तत्पश्चात बी के रजनी बहन के द्वारा संस्थान के संक्षिप्त इतिहास पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर दर्शना वृद्ध आश्रम की संचालिका प्रभा विधु ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में अधिक जटिलताएं हैं एवं परिवारों का विघटन प्रायः देखने में सामने आ रहा है ऐसे समय में इस तरह के कार्यक्रम समाज को एक सकारात्मक संदेश देता है।
कार्यक्रम का संचालन कर रही बी के रीना बहन ने सुंदर उदाहरणों के द्वारा वृद्ध और युवाओं के मध्य समन्वय स्थापित करने के उपाय बताए उन्होंने कहा की हर उम्र में प्यार की आवश्यकता होती है बचपन में प्यार ना मिले तो बच्चा अनाथ महसूस करता है, युवावस्था में प्यार ना मिले तो युवा गलत दिशा पकड़ लेते हैं और अगर वृद्धावस्था में प्यार ना मिले तो वृद्धाश्रम खुल जाते हैं।
बी के कमला बहन ने परमात्मा ईश्वर का सत्य परिचय देते हुए मेडीटेशन करवाया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में एसबीआई के पूर्व महाप्रबंधक वी के श्रीवास्तव ने कहा कि आज इस कार्यक्रम से हमें बहुत कुछ सीखने को मिला। वृद्ध हमारे परिवार में सूखे मेवे की भांति है जिनकी उपयोगिता सर्वाधिक है। इस अवसर पर आश्रम की बहनों द्वारा एक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई जिसे सभी ने सराहा। इस अवसर पर शंकर लाल सोनी, समाज सेवी एवं अध्यक्ष पेंशनर एसोसिएशन ने कहा इस तरह के कार्यक्रम समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। साथ ही एस एल माली अध्यक्ष सीनियर सिटीजन क्लब ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा ब्रह्माकुमारी संस्थान समाज के हर वर्ग को साथ लेकर काम करती है। इनके कार्यक्रम प्रेरणादायक होते हैं। इस मौके पर प्रकाश चंद जैन, अभिनेंद्र खरे, एसपी निरंजन,बी एल पटेरिया एवं अन्य प्रतिष्ठित वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे कार्यक्रम के अंत में सभी ने ईश्वरीय प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में लगभग 250 वृद्ध जन सम्मिलित हुए।







