आगरा, उत्तर प्रदेश। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर Brahma Kumaris Gallery of Spiritual Love and Wisdom में 90वीं शिव जयंती अत्यंत श्रद्धा, उमंग एवं आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य शिवरात्रि के वास्तविक आध्यात्मिक रहस्य को समाज के समक्ष स्पष्ट करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोग योगाभ्यास एवं मुरली श्रवण से हुआ, तत्पश्चात शिव ध्वजारोहण कर परमात्मा शिव का दिव्य जन्मोत्सव मनाया गया।
शिवरात्रि का आध्यात्मिक महत्व:
कार्यक्रम में बताया गया कि महाशिवरात्रि वह पावन रात्रि है जब परमपिता परमात्मा शिव निराकार ज्योति स्वरूप में धरा पर अवतरित होकर अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। यह आत्म-जागृति, विकारों से मुक्ति और पवित्र जीवन का संदेश देने वाला महापर्व है।
म्यूजियम प्रभारी बीके मधु बहन ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवरात्रि आत्मा के जागरण का पर्व है, जिसमें हम अपने जीवन को विकारों से मुक्त कर दिव्य गुणों से भरने का संकल्प लेते हैं।
बीके माला बहन ने शिव और शंकर के अंतर को स्पष्ट करते हुए बताया कि शिव निराकार परमात्मा हैं, जो ज्ञान के सागर हैं।
बीके संगीता बहन ने राजयोग के माध्यम से मानसिक शांति एवं आत्मिक शक्ति प्राप्त करने का मार्ग बताया।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद मधु मौर्य जी एवं भाजपा सदस्य आशीष कुमार जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का आध्यात्मिक सम्मान किया गया तथा उन्होंने ईश्वरीय ज्ञान को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
विशेष रूप से कुमार डेली नीड्स के संचालक कुमार जी एवं बीएसएनएल के डीजीएम अनूप भाई ने शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शिव गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिवरात्रि पर चढ़ाए जाने वाले प्रतीकों का आध्यात्मिक रहस्य समझाया गया। बच्चों द्वारा सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी गई।
बीके रामबहादुर भाई, विवेक भाई, रामदास भाई एवं अन्य भाई-बहनों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में शिव जयंती का केक कटिंग कर दिव्य जन्मोत्सव मनाया गया एवं भोग प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। बड़ी संख्या में नगरवासियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायक बना दिया।










