नौगांव,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज़ ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नौगांव आश्रम में आज पूज्य दादी रतन मोहिनी जी की पावन स्मृति में “विश्व एकता दिवस” बड़े ही श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने सहभागिता की और दादी जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान रानी साहिबा माया सर्वानी नौगांव, बीके मोहिनी बहन एवं बीके सुमन बहन ने दादी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने दादी रतन मोहिनी जी के प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे सादगी, मधुरता और सेवा भावना की साकार प्रतिमूर्ति थीं। उनका संपूर्ण जीवन विश्व में शांति, प्रेम और एकता के संदेश को फैलाने के लिए समर्पित रहा।
वक्ताओं ने आगे कहा कि दादी जी हमेशा यह प्रेरणा देती थीं कि “हम सभी आत्माएं एक परमपिता की संतान हैं, इसलिए आपस में भेदभाव मिटाकर प्रेम और एकता के सूत्र में बंधना ही सच्ची आध्यात्मिकता है।”
उन्होंने जीवन में सकारात्मक सोच, सहनशीलता और सहयोग की भावना को अपनाने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर सभी उपस्थित भाई-बहनों ने दादी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा विश्व में शांति और एकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और विश्व एकता की भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।







