मुख पृष्ठराज्यछत्तीसगढ़रायपुर: मोबाईल की तरह ही आत्मा रूपी बैटरी को रोजाना चार्ज करने...

रायपुर: मोबाईल की तरह ही आत्मा रूपी बैटरी को रोजाना चार्ज करने की जरूरत…ब्रह्माकुमारी सविता दीदी

एन.एच.गोयल स्कूल के शिक्षकों ने किया राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास…

  • तनाव प्रबन्धन कला विषय पर भी हुई चर्चा…
  • स्कूल हमारे शिक्षा के मन्दिर की तरह… ब्रह्माकुमारी सविता दीदी
  • मोबाईल की तरह ही आत्मा रूपी बैटरी को रोजाना चार्ज करने की जरूरत…

रायपुर, छत्तीसगढ़: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के शान्ति सरोवर रिट्रीट में एन.एच.गोयल स्कूल के शिक्षकों ने राजयोग मेडिटेशन का लाभ लिया। कार्यक्रम में एन.एच.गोयल स्कूल के डायरेक्टर एस.के.तोमर, प्राचार्य डॉ. अविनाश पाण्डे सहित बड़ी संख्या में वहाँ के शिक्षक उपस्थित थे। इस दौरान रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, अदिति दीदी, रश्मि दीदी और स्मृति दीदी ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने कहा कि स्कूल हमारे शिक्षा के मन्दिर हैं जहाँ पर शिक्षक बच्चों की प्रतिभा को शिल्पकार की तरह तराशने का काम करते हैं। इस प्रकार शिक्षक की भूमिका समाज और राष्ट्र के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण हो जाती है। किसी ने ठीक ही कहा है कि देश का निर्माण संसद या विधानसभा में नहीं अपितु स्कूल की कक्षाओं में होता है। शिक्षक उस दीपक की तरह होते हैं जो कि स्वयं जलकर दूसरों को मार्ग दिखाते हैं। स्कूल में हरेक बच्चे का लक्ष्य होता है डॉक्टर, इन्जीनियर बनना। उसी के अनुरूप वह पढ़ाई करता है।

उन्होने बतलाया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान का लक्ष्य है जीवन में दैवीगुणों को धारण कर मनुष्य को देवतुल्य बनना। हमारा शिक्षक स्वयं परमपिता परमात्मा है। वही हमारा माता-पिता, शिक्षक और सद्गुरू है। अब हमें अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाना है। इसके लिए ब्रह्माकुमारीज में राजयोग मेडिटेशन की शिक्षा प्रदान की जाती है। राजयोग मेडिटेशन बहुत ही सहज और सरल है। मेडिटेशन से हमें अपनी आन्तरिक शक्ति की पहचान मिलती है। मन और बुद्घि को परमात्मा में एकाग्र करने से उनकी शक्तियाँ हमारे जीवन में आने लगती हैं। जिस प्रकार की बैटरी को रोजाना चार्ज करना पड़ता है ठीक उसी प्रकार आत्मा की बैटरी को भी राजयोग से रोजाना चार्ज करने की जरूरत है।

ब्रह्माकुमारी स्मृति दीदी ने कहा कि राजयोग ऐसी साधना है जो हमारी सोच को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। हमारे मन में सारे दिन में अनेक प्रकार के विचार पैदा होते हैं। इन विचारों का हमारे शरीर पर बहुत सूक्ष्म और गहरा प्रभाव पड़ता है। यह विचार ही हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। हमारी सोच सदैव रचनात्मक होना चाहिए। सिर्फ अपने लिए ही नहीं बल्कि सभी की भलाई के लिए सोचें। उन्होंने तनाव से बचने के लिए तीन बातें बतलाईं। पहला हर परिस्थिति को स्वीकार करें, उससे विचलित न हों। दूसरा अपने काम से प्यार करेें, उसको बोझ न समझें और तीसरा किसी से कोई अपेक्षा न रखें।

अन्त में अपने संस्मरण सुनाते हुए एन.एच.गोयल स्कूल के डायरेक्टर एवं प्राचार्य ने कार्यक्रम की मुक्त कण्ठ से प्रशंसा करते हुए संस्थान से आगे भी उनके लिए ऐसे आयोजन करने का अनुरोध किया। उन्होंने मानसिक शान्ति के लिए राजयोग मेडिटेशन को उपयोगी बतलाते हुए उसके बारे में और अधिक जानने की उत्कण्ठा व्यक्त की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments