गाडरवारा, मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, लक्ष्मी टाउनशिप गाडरवारा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर गाडरवारा की क्षेत्रीय संचालिका ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी जी, कदम संस्था के संचालक अजय खत्री जी, ब्रह्माकुमारी वंदना दीदी जी, ब्रह्माकुमारी अंजना दीदी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी जी ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति हमारी मां है और मानव का उससे आदिकाल से गहरा संबंध रहा है। प्रकृति ने निस्वार्थ भाव से मानव को जीवनोपयोगी सभी संसाधन प्रदान किए हैं और आज भी निरंतर देती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के पंचतत्वों में जहां सृजन की शक्ति है, वहीं विनाश की शक्ति भी निहित है। जब मनुष्य प्रकृति का अत्यधिक दुरुपयोग करता है, तब प्रकृति समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से संकेत देती है, लेकिन जब मानव अपने व्यवहार में सुधार नहीं करता, तब प्रकृति अपना विकराल रूप धारण कर लेती है, जिससे जन-धन की हानि होती है।
उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय की मांग है कि हम प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सजग बनें। यदि मानव पुनः प्रकृति के साथ अपना संबंध सुधार ले, तो प्रकृति भी उसे प्रेमपूर्वक समृद्धि प्रदान करती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को संकल्प दिलाया कि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाए और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे।
मुख्य अतिथि अजय खत्री जी ने अपने 20 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने कदम संस्था की शुरुआत की और प्रारंभिक चुनौतियों के बावजूद आज संस्था एक बड़े संगठन के रूप में विकसित हुई है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा अब तक हजारों वृक्ष लगाकर शहर को हरित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों ने अपने साथ लाए हुए पौधों का सामूहिक रूप से रोपण किया। वृक्षारोपण के समय मंत्रोच्चारण एवं प्रेरणादायक गीतों से वातावरण को सकारात्मक बनाया गया। अंत में सभी को प्रभु प्रसाद वितरित किया गया।







