मुख पृष्ठराज्यगुजरातनवसारी : विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज नवसारी सेवा केंद्र में जागरूकता...

नवसारी : विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज नवसारी सेवा केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नवसारी, गुजरात। ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवसारी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक डॉ. बी. एम. मोटे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी साधना बहन द्वारा तुलसी के पौधे से अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी गीता दीदी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 1972 से प्रत्येक वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। यह दिन प्रकृति के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास के प्रति जन-जागृति लाने तथा प्रदूषण की समस्या के प्रति नागरिकों को सचेत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि आज भौतिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण प्रदूषण भी निरंतर बढ़ रहा है। इसके पीछे केवल बाहरी कारण ही नहीं, बल्कि मनुष्य के मन का प्रदूषण भी एक बड़ा कारण है। मन में उत्पन्न होने वाले नकारात्मक, व्यर्थ एवं अशुभ विचारों का प्रभाव प्रकृति के पांचों तत्वों पर पड़ता है। आज पेड़-पौधे, पशु-पक्षी एवं समस्त प्रकृति वाइब्रेशन की भाषा को ग्रहण करती है और मनुष्य के नकारात्मक कंपन वातावरण को प्रभावित कर रहे हैं।

गीता दीदी ने कहा कि जब प्रकृति के पांचों तत्व तमोगुणी बन जाते हैं, तब मौसम में असंतुलन, असमय वर्षा, अत्यधिक गर्मी तथा विभिन्न प्राकृतिक आपदाएं देखने को मिलती हैं। पांच तत्वों से बना मानव शरीर भी इसी प्रकृति का अंग है, इसलिए तत्वों के प्रदूषित होने से शारीरिक एवं मानसिक बीमारियां भी बढ़ती जा रही हैं।

उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने मन रूपी गमले में शुभ विचारों का पौधा लगाएं और प्रतिदिन शुभ भावनाओं के जल से उसका सिंचन करें। पर्यावरण संरक्षण के लिए टेरेस गार्डन, किचन गार्डन तथा वृक्षारोपण को बढ़ावा दें। भारतीय संस्कृति में तुलसी, नीम, पीपल एवं बरगद जैसे वृक्षों का विशेष महत्व रहा है। ये वृक्ष वर्षों तक मानव जीवन को शुद्ध वायु एवं ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। इसलिए कहा जाता है— “वृक्ष हैं तो वायु है, वायु है तो जीवन है।”

मुख्य अतिथि डॉ. बी. एम. मोटे ने अपने संबोधन में बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “एक पेड़ माँ के नाम” है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल एक दिन के लिए नहीं, बल्कि जीवनभर हमारे साथी हैं। वे हमें ऑक्सीजन देकर जीवन प्रदान करते हैं। अतः प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि परिवार में किसी भी शुभ अवसर पर वृक्षारोपण कर उस प्रसंग को यादगार बनाया जाए।

कार्यक्रम के अंत में सेवा केंद्र के भाई-बहनों द्वारा नगर में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागृति लाने हेतु रैली निकाली गई तथा प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी साधना बहन ने अतिथियों का स्वागत किया तथा ब्रह्माकुमारी अल्पना बहन ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments