आबू रोड राजस्थान। मनमोहिनी वन स्थित मेडिटेशन सेंटर में एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी क्षण का साक्षी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जब स्पिरिचुअल साइंस लैब, मैजिक ऑफ मेडिटेशन एक्सपीरियंस शो तथा नव-निर्मित आवासीय परिसर का भव्य उद्घाटन सम्पन्न हुआ।
इस शुभ अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की एडिशनल चीफ आदरणीय राजयोगिनी बीके मुन्नी दीदी जी ने अपने कर-कमलों द्वारा उद्घाटन किया। यह संपूर्ण परियोजना गॉडलीवुड स्टूडियो एवं मेडिटेशन सेंटर के कार्यकारी निदेशक आदरणीय बीके हरिलाल भाई जी के मार्गदर्शन में साकार हुई।
पिछले 14 वर्षों से गॉडलीवुड स्टूडियो आध्यात्मिक कंटेंट निर्माण एवं उन्नत मीडिया तकनीकों के माध्यम से सेवा कर रहा है। इसी अनुभव को एक नए आयाम पर ले जाते हुए इस अनूठी पहल का निर्माण किया गया है, जहाँ आध्यात्मिकता और आधुनिक तकनीक का सुंदर संगम राजयोग मेडिटेशन के गहन अनुभव को सुलभ बनाता है।
इस केंद्र का प्रमुख आकर्षण “मैजिक ऑफ मेडिटेशन एक्सपीरियंस शो” है, जिसे डिवाइन एक्सपीरियंस रूम में प्रस्तुत किया गया है। अत्याधुनिक कर्व्ड स्क्रीन, सराउंड साउंड तकनीक तथा मार्गदर्शित राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से यह अनुभव दर्शकों को आत्म-जागरूकता, आंतरिक शांति एवं परमात्म संबंध की गहन अनुभूति कराता है।
SPARC विंग के सहयोग से विकसित स्पिरिचुअल साइंस लैब में राजयोग मेडिटेशन को वैज्ञानिक एवं अनुभवात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। ब्रेन-सेंसिंग तकनीकों एवं मेडिटेशन असेसमेंट उपकरणों की सहायता से आगंतुक मेडिटेशन से पूर्व और पश्चात अपनी मानसिक स्थिति में आने वाले सकारात्मक परिवर्तनों को अनुभव कर सकते हैं, जिससे राजयोग के व्यावहारिक लाभों को समझना और भी सहज हो जाता है।
केंद्र का अनुभव करने के पश्चात आदरणीय बीके मुन्नी दीदी जी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक तकनीकी प्रस्तुति नहीं, बल्कि आत्मा को उसकी मूल शांति, शक्ति एवं परमात्मा से उसके दिव्य संबंध का अनुभव कराने वाला एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह केंद्र आध्यात्मिक जागृति एवं समाज कल्याण का एक महत्वपूर्ण साधन बनेगा।
इस अवसर पर मुख्यालय, ज्ञान सरोवर, पांडव भवन एवं संस्था की विभिन्न सेवा शाखाओं से अनेक वरिष्ठ भाई-बहन उपस्थित रहे। साथ ही गॉडलीवुड परिवार के सदस्य एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस परियोजना को साकार करने में अनेक सेवाधारी भाई-बहनों के समर्पित प्रयास जुड़े रहे हैं। गॉडलीवुड स्टूडियो के बीके राकेश भाई ने इस परियोजना के रचनात्मक एवं तकनीकी डिज़ाइन में विशेष योगदान दिया, जबकि स्पिरिचुअल साइंस लैब की संकल्पना SPARC विंग के माध्यम से आदरणीय बीके रमेश भाई जी की प्रेरणा एवं प्रयासों से विकसित हुई।
निकट भविष्य में इस केंद्र में डिवाइन डिजिटल आर्ट गैलरी का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस गैलरी में आधुनिक जीवन की चुनौतियों जैसे तनाव, चिंता एवं मानसिक असंतुलन को रचनात्मक डिजिटल कला के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए राजयोग मेडिटेशन द्वारा उनके प्रभावी समाधान प्रस्तुत किए जाएंगे।
मेडिटेशन सेंटर देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों का निरंतर स्वागत कर रहा है। यहाँ स्थित डिवाइन होम थिएटर में पिछले डेढ़ वर्षों से “द लाइट – अ जर्नी विदिन” फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसे विभिन्न भाषाओं में लगभग दो लाख दर्शक देख चुके हैं।
हमें विश्वास है कि यह अनूठा केंद्र आने वाले समय में एक प्रमुख पर्यटन स्थल तथा आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित होगा, जो हजारों लोगों को शांति, सकारात्मकता, आत्म-परिवर्तन और परमात्मा से गहरे संबंध का अनुभव कराने के साथ-साथ समाज में आध्यात्मिक जागरूकता एवं सकारात्मकता फैलाने का निमित्त बनेगा।


इस कार्यक्रम से संबंधित वीडियो लिंक आपके अवलोकन एवं उपयोगार्थ संलग्न हैं।
https://youtu.be/Y6Oezaj_hGc
https://youtube.com/shorts/FqU-9XZ62N4?si=GsagZVCqB9FzUmik



