जालंधर,पंजाब : अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जालंधर के आर्मी क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेना के जवानों एवं उनके परिवारों को नशामुक्त जीवन, उत्तम स्वास्थ्य तथा सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था।
इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बी.के डॉ. सचिन परब (जॉइंट सेक्रेटरी, ब्रह्माकुमारीज़ मेडिकल विंग, मुंबई) रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी कमांडेंट श्री प्रवीण चंदेल एवं उनकी धर्मपत्नी उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में बी.के डॉ. सचिन परब ने आर्मी जवानों एवं उनकी पत्नियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की रक्षा करने के लिए सबसे पहले अपने स्वास्थ्य की रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें सदैव ताजे फल, हरी सब्जियाँ तथा घर का बना सादा एवं पौष्टिक भोजन ग्रहण करना चाहिए। हमारी थाली में यदि प्रकृति के विविध रंग हों तो और भी बेहतर है, क्योंकि प्रकृति का प्रत्येक रंग हमारे शरीर को विशिष्ट पोषक तत्व प्रदान करता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि लाल रंग के खाद्य पदार्थ हृदय को मजबूत बनाते हैं, नारंगी रंग आँखों एवं त्वचा के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, पीला रंग पाचन क्रिया को सुदृढ़ करता है तथा सफेद रंग रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है।
उन्होंने खास ध्यान दिलवाया कि हमें अपने बच्चों को कभी भी पैकेट में बन्द खाद्य पदार्थ एवं कोल्ड ड्रिंक्स नहीं देना चाहिए क्योंकि यह सब हमारे सेहत के लिए बहुत ही हानिकारक हैं, वास्तव में यह सब खाने लायक ही नहीं है.
बी.के डॉ. सचिन परब ने आगे कहा कि शुद्ध एवं ताज़ा आहार के साथ-साथ एक और अत्यंत महत्वपूर्ण बात का ध्यान रखना आवश्यक है—हम स्वयं कभी नशे की बुरी आदत को नहीं अपनाएँ और न ही अपने आसपास किसी को अपनाने दें। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति नशे की बुरी लत से ग्रस्त है, तो उसके प्रति हमारे मन में नकारात्मक विचार नहीं आने चाहिए, क्योंकि वह स्वयं भी इस आदत के कारण पीड़ा और संघर्ष से गुजर रहा होता है। ऐसे व्यक्ति को तिरस्कार नहीं, बल्कि स्नेह, सहयोग और मानसिक शक्ति की आवश्यकता होती है। हमें उसके साथ हौसला बढ़ाने वाले शब्द बोलने चाहिए ताकि उसे उसकी आदत छोड़ने की हिम्मत मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित जनों को शपथ दिलाई कि वे जीवन में कभी भी, किसी भी परिस्थिति में अथवा किसी के दबाव में आकर नशे की बुरी आदत को नहीं अपनाएँगे, न ही किसी अन्य को अपनाने देंगे, तथा भारत सरकार द्वारा बनाए गए नशा संबंधी सभी नियमों का ईमानदारीपूर्वक पालन करेंगे।


तत्पश्चात डिप्टी कमांडेंट श्री प्रवीण चंदेल एवं श्रीमती वंदना चंदेल ने बी.के डॉ. सचिन परब तथा ब्रह्माकुमारीज़ जालंधर सेवाकेंद्र प्रभारी बी.के संधीरा दीदी जी को टोकन ऑफ एप्रिसिएशन प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं बी.के संधीरा दीदी एवं बी.के डॉ. सचिन परब ने भी श्री प्रवीण चंदेल एवं श्रीमती वंदना चंदेल को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मान प्रकट किया।





