रायपुर: अपना फोकस पढ़ाई पर हो, रिजल्ट की चिन्ता छोड़ दो…उमेश गुप्ता, आई.पी.एस

0
231
_autotone

रायपुर, छत्तीसगढ़: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा चौबे कालोनी में आयोजित समर कैम्प में आई.पी.एस. उमेश गुप्ता ने बच्चों को मेमोरी मैनेजमेन्ट पर उपयोगी जानकारी दी।

श्री उमेश गुप्ता ने बतलाया कि हम जो कुछ भी सुनते हैं उसकी एक इमेज हमारे मस्तिष्क में बन जाती है। वह फिर सारे दिन हमको गाईड करता है। इसलिए स्टूडेण्ट लाईफ में सोशल मीडिया का उपयोग कम से कम या फिर नही ही करना चाहिए।

उन्होंने बच्चों को सलाह देते हुए आगे कहा कि हमेशा प्रश्न करना सीखो। जैसे कि यह करना है तो क्यों करना है? लेकिन यह भी जरूरी नहीं है कि हरेक प्रश्न का उत्तर मिले। इसके बावजूद हमें हर कार्य के पहले प्रश्न पूछना चाहिए। राजस्थान के कोटा शहर में एक छात्र का जितना प्रतिशत अंक प्राप्त करने का लक्ष्य था उससे मात्र दो प्रतिशत कम अंक प्राप्त होने पर वह छात्र उसके बारे में सोच-सोचकर डिप्रेशन का शिकार हो गया। इसलिए हमें सिर्फ अपनी मेहनत पर ध्यान देना है। रिजल्ट हमारे हाथ में नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमारे पालक हमसे ज्यादा अनुभवी होते हैं इसलिए हमेशा उनकी सलाह को मानना चाहिए। आपको जिस फिल्ड में जाना है उस क्षेत्र में सफल लोगों से मिलकर उनका मार्गदर्शन लो। अपनी चारों ओर की वस्तुओं को देखो और जानकारियॉं हासिल करो। ऐसा करने से बहुत सारी जानकारियॉं आप हासिल कर पाओगे। हर सब्जेक्ट को पढ़ना है। बोरिंग लगे तो उसे रूचिकर बनाओ। पूरी लगन से पढ़ाई पढ़नी है। रिजल्ट के बारे में नहीं सोचना है। अभ्यास करने से आप सब कुछ हासिल कर सकते हो।

इसके पहले सत्र में राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी भावना दीदी ने टाईम मैनेजमेन्ट विषय पर बच्चों को समय का महत्व बतलाते हुए कहा कि जो व्यक्ति समय को नष्ट करता है एक दिन उसे समय नष्ट कर देता है।

उन्होंने कहा कि दुनिया में तीन प्रकार के लोग होते हैं। एक वह जो काम को टालते जाते हैं। दूसरे वह जिनके सिर पर काम का बोझ बहुत अधिक होता है। तीसरे वह जो बिजी होते हुए भी इजी होते हैं। उनके पास समय ही समय होता है। तो हमको भी ऐसे ही इजी व्यक्ति बनना है। जो महान व्यक्ति होते हैं उनका हर कार्य करने का निश्चित निर्धारित होता है। इसी प्रकार हमें भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समय को महत्व देना है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें