– मुख्यालय शांतिवन में 8 नवंबर को सुबह 10 बजे से होगा मुख्य कार्यक्रम
– 12 दिवसीय दीपोत्सव समारोह जारी, संस्थान के सभी परिसरों में मनाई जा रही दीवाली
– माउंट आबू स्थित ज्ञान सरोवर में संस्थान के नवदशकोत्सव थीम पर मनाई दीवाली
– पांडव भवन, मनमोहिनीवन और मान सरोवर में धूमधाम से मनाया गया दीपोत्सव पर्व

आबू राज(माउंट आबू) राजस्थान। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के देश-विदेश में स्थित सेवाकेंद्रों पर 8 नवंबर को योगमय दीपावली उमंग-उत्साह और धूमधाम से मनाई जाएगी। वहीं मुख्यालय में 12 दिवसीय दीपोत्सव महोत्सव मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत शांतिवन के मनमोहिनीवन परिसर से हुई। 12 दिन तक राजयोगी भाई-बहन ब्रह्ममुहूर्त में अलसुबह 3.30 बजे से विश्व शांति, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना के साथ राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से विश्व को शुभ बाइव्रेशन दे रहे हैं। माउंट आबू के ज्ञान सरोवर में 6 नवंबर को मनाए गए दीपोत्सव समारोह में विदेशी मेहमानों ने भी भाग लिया। कैंपस में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें ब्रह्माकुमारी बहनें कलश धारण कर शामिल हुईं। संस्थान के 90 साल पूरे होने पर नवदशकोत्सव थीम पर रंगोली बनाई गई। वहीं विशेष रूप से गंगा आरती की दर्ज पर दीपकों से आरती की गई।

दीपोत्सव महोत्सव में मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी ने कहा कि दीपोत्सव का महापर्व हमें संदेश देता है कि जैसे एक दीपक अंधेरे को मिटाने के लिए काफी होता है, वैसे ही हमें अपना आत्म दीप जगाकर एक-एक आत्मा को दीपक बनकर समाज, देश-दुनिया को अज्ञान-अंधकार से निकालना है। परमात्मा की हम बच्चों से यही आस है कि स्व परिवर्तन कर विश्व परिवर्तन के कार्य में अपनी अंगुली लगाना है।
मन की स्वच्छता भी आवश्यक है-
अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी जयंती दीदी ने कहा कि सच्ची समृद्धि केवल धन-संपत्ति से नहीं आती। जिस घर में प्रेम, शांति, पवित्रता, संतोष, सद्भावना और आपसी सम्मान होता है, वही घर वास्तव में स्वर्ग समान बन जाता है। धन के साथ यदि मन में लोभ, अहंकार, ईर्ष्या और अशांति है तो वह समृद्धि अधूरी है। इसलिए लक्ष्मी पूजन हमें यह प्रेरणा देता है कि हम अपने विचारों, व्यवहार और कर्मों को इतना श्रेष्ठ बनाएं कि हमारा जीवन दिव्य गुणों से संपन्न हो जाए। घर की स्वच्छता के साथ मन की स्वच्छता भी आवश्यक है।
अपने बही खाते में श्रेष्ठ कर्मों की पूंजी जमा करें-
वहीं मनमोहिनीवन परिसर में आयोजित दीपोत्सव महोत्सव में अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी मुन्नी दीदी ने कहा कि दीपावली पर व्यापारी वर्ग पुराने बहीखाते बंद करके नए खाते आरंभ करता है। इस परंपरा में भी गहरा आध्यात्मिक संदेश छिपा है। मनुष्य का प्रत्येक विचार, बोल और कर्म उसके कर्मों के खाते में जमा होता रहता है। किसी के प्रति द्वेष रखना, अपमान करना, कटु वचन बोलना, ईर्ष्या करना और किसी का दिल दुखाना हमारे कर्मों के खाते में नकारात्मकता जमा करता है। वहीं प्रेम, सहयोग, क्षमा, दया, शुभभावना और परोपकार श्रेष्ठ कर्मों की पूंजी बनते हैं।
इन्होंने भी व्यक्त किए विचार-
– महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब हमारे जीवन में प्रतिदिन ज्ञान का प्रकाश रहे। हमारा मन शांत हो, बुद्धि स्वच्छ हो, कर्म श्रेष्ठ हों और संबंधों में मधुरता हो। परमात्मा शिव की याद से आत्मा को शक्ति मिले और हमारे जीवन से दूसरों को भी शांति तथा खुशी की अनुभूति हो।
– अतिरिक्त महासचिव डॉ. राजयोगी बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि सच्ची दीपावली वह नहीं, जिसमें केवल घर रोशन हों, बल्कि वह है जिसमें आत्मा का दीप जले, मन पवित्र बने, कर्म श्रेष्ठ हों और जीवन दिव्य गुणों की रोशनी से जगमगा उठे। जब हर आत्मा के भीतर ज्ञान का प्रकाश होगा, तभी सच्चे अर्थों में विश्व में सुख-शांति और स्वर्णिम संसार की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।


ये भी रहे मौजूद-
संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी सुदेश दीदी, संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी शशि दीदी, ज्ञान सरोवर की निदेशिका राजयोगिनी प्रभा दीदी, अतिरिक्त महासचिव डॉ. राजयोगी बीके प्रताप मिड्ढा, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका राजयोगिनी ऊषा दीदी, राजयोगिनी शीलू दीदी, राजयोगिनी सुमन दीदी, वैज्ञानिक प्रभाग के अध्यक्ष राजयोगी मोहन सिंघल भाई, शांतिवन के प्रबंधक राजयोगी प्रकाश भाई, मेडिकल विंग के सचिव राजयोगी बनारसी लाल भाई, आवास-निवास के प्रभारी राजयोगी देव भाई सहित संस्थान के वरिष्ठ भाई-बहनें मौजूद रहे।







