Homeलेखदीवाली - बहार दीप जलाएं भीतर भी करें उजाला

दीवाली – बहार दीप जलाएं भीतर भी करें उजाला

दीवाली आते ही मन अपने आप खुश हो जाता है। घर की सफाई, रंगोली, नए कपड़े, मिठाइयां, दीपों की रोशनी और अपनों के साथ मिलकर त्योहार मनाने का आनंद- यह सब मिलकर दीवाली को खास बना देता है। लेकिन ज़रा सोचिए, हम हर साल बाहर इतने दीप जलाते हैं, तो क्या इस बार अपने मन में भी एक दीप जला सकते हैं?

दीवाली केवल उत्सव नहीं, एक सुंदर संदेश है:
दीवाली हमारी भारतीय संस्कृति का बहुत सुंदर और महत्त्वपूर्ण पर्व है। भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में इसे अलग-अलग परंपराओं और मान्यताओं के साथ मनाया जाता है। कहीं इसे श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी से जोड़ा जाता है, तो कहीं लक्ष्मी-पूजन और नई शुरूआत के रूप में मनाया जाता है।
हम चाहे जिस परंपरा के अनुसार दीवाली मनाएं, इसके पीछे एक भावना बहुत स्पष्ट है- अंधकार पर प्रकाश की विजय, असत्य पर सत्य की विजय और निराशा पर आशा की विजय।
दीपक हमें क्या सिखाता है?
हम दीवाली पर घर के कोने-कोने में दीपक जलाते हैं। लेकिन कभी आपने सोचा है कि दीपक ही क्यों?
क्योंकि दीपक चुपचाप जलता है और दूसरों को प्रकाश देता है। वह यह नहीं देखता कि सामने कौन है। उसका काम है- प्रकाश देना।
हमारे जीवन में भी ऐसा ही हो। हमारे संकल्प, हमारी वाणी और हमारा व्यवहार दूसरों के लिए प्रकाश बनें।
किसी की एक अच्छी बात कह देना, किसी दु:खी व्यक्ति को थोड़ी हिम्मत दे देना, किसी नाराज़ व्यक्ति को प्रेम से समझ लेना- यह भी तो किसी के जीवन में दीप जलाना ही है।
श्रीराम की विजय का संदेश:
हमारे यहाँ दीवाली को भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने और रावण पर विजय से भी जोड़ा जाता है। अयोध्यावासियों ने अपने प्रिय राम के स्वागत में दीप जलाए। इस कथा को अगर हम अपने जीवन से जोड़ें तो एक बहुत सुंदर बात समझ में आती है।
रावण केवल बाहर नहीं है,हमारे अंदर भी है:
क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, ईष्र्या और द्वेष- ये हमारे अंदर के विकार हैं। तो इस दीवाली हम बाहर के रावण की कहानी सुनने के साथ अपने अंदर के रावण को भी पहचानें।
जिस दिन हमने अपने क्रोध पर विजय पाई, किसी के प्रति द्वेष समाप्त किया और अहंकार को छोडक़र नम्रता अपनाई- समझिए हमारे जीवन में भी विजय का दीप जल गया।
लक्ष्मी-पूजन और मन की स्वच्छता
दीवाली पर हम घर की सफाई करते हैं। पुराने सामान को निकालते हैं, घर को सजाते हैं और लक्ष्मी-पूजन करते हैं।
लेकिन आध्यात्मिक दृष्टि से एक सवाल अपने आप से पूछिए- क्या मैंने अपने मन की भी सफाई की है?
मन में पुरानी शिकायतें हैं तो उन्हें निकाल दें। किसी के प्रति नाराज़गी है तो उसे छोड़ दें। व्यर्थ विचार हैं तो उन पर फुल स्टॉप लगाएं। क्योंकि घर साफ होने से घर सुंदर दिखता है, लेकिन मन साफ होने से पूरा जीवन सुंदर बन जाता है।
दीवाली के बाद नया वर्ष – नई शुरूआत:
दीवाली के अगले दिन अनेक भारतीय परंपराओं में नया वर्ष मनाया जाता है। यह हमें बहुत सुंदर अवसर देता है- पुराने को पीछे छोडक़र नए को अपनाने का।
तो इस नए वर्ष में हम भी कुछ नया करें।
पुराना क्रोध जाए, नई शांति आए।
पुरानी शिकायत जाए, नया प्रेम आए।
पुरानी चिंता जाए, नया विश्वास आए।
पुरानी कमज़ोरी जाए, नई शक्ति आए।

इस दीवाली एक संकल्प
आइए, इस बार दीवाली केवल घर में नहीं, अपने अंदर भी मनाएं।
परमपिता परमात्मा शिव की याद में स्वयं को अनुभव करें-” मैं आत्मा हूँ, शांत स्वरूप हूँ, पवित्र स्वरूप हूँ। मैं अपने भीतर के विकारों पर विजय प्राप्त कर रहा हूँ।”
मेरा संकल्प है- मैं अपने मन में ज्ञान और शांति का दीप जलाऊंगा। अपने पुराने नकारात्मक संस्कारों को बदलने का पुरुषार्थ करूंगा। मेरी वाणी, मेरे संकल्प और मेरा व्यवहार दूसरों के जीवन में भी खुशी और शांति का प्रकाश फैलाए।
यही हो हमारी सच्ची दीवाली- बाहर दीपों की रोशनी और भीतर दिव्य गुणों की रोशनी।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय