ललितपुर: नेपाल में प्रशासक सम्मेलन सफलतापूर्वक सम्पन्न

0
73

 नेपाल में प्रशासक सम्मेलन सफलतापूर्वक सम्पन्न…
– सभा में बड़ी संख्या में प्रशासकीय अधिकारी और न्यायविद उपस्थित रहे…
– नैतिकता, ईमानदारी और व्यवस्थापन कौशल विषय पर हुआ सम्मेलन…

ललितपुर,नेपाल: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय और अधिकृत समाज ललितपुर के संयुक्त तत्वावधान में डीएवी स्कूल ऑडिटोरियम में प्रशासक महासम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेपाल के मुख्य निर्वाचन आयुक्त भ्राता दिनेश कुमार थपलिया मुख्य अतिथि थे। समारोह में आबू पर्वत से पधारे बीके हरीश भाई, पानीपत हरियाणा के बीके भारत भूषण भाई, महानगर पालिका ललितपुर के महापौर भ्राता चिरी बाबू महर्जन, प्रमुख जिला अधिकारी भ्राता तुलसी बहादुर, नेपाल जोन इन्चार्ज ब्रह्माकुमारी राज दीदी, भारत से पधारे गीता मर्मज्ञ विदुषी बहन ब्रह्माकुमारी वीणा दीदी, ब्रह्माकुमारी पूनम दीदी, ब्रह्माकुमारी विधात्री दीदी और ब्रह्माकुमारी दीपा दीदी ने भाग लिया।

समारोह को सम्बोधित करते हूए नेपाल के प्रमुख निर्वाचन आयुक्त भ्राता दिनेश कुमार थपलिया ने कहा कि राजनीति और प्रशासन के शुद्धिकरण के बिना व्यवस्थापन कौशल सम्भव नहीं है। स्वनियमन और स्व अनुशासन भी बहुत जरूरी है। उन्होने कहा कि श्रीमद भगवत गीता कर्म पर केन्द्रित है। यह हमें सिखाता है कि सोच समझकर कर्म करो। नतीजे के बारे में सोचकर कर्म करना चाहिए।

भारत देश के कर्नाटक राज्य से आए गीता मर्मज्ञ ब्रह्माकुमारी वीणा दीदी ने कहा कि व्यवस्थापन कौशल के लिए प्रकाशक को समदर्शी, सत्यदर्शी, दूरदर्शी, प्रियदर्शी और पारदर्शी होना जरूरी है। उन्होने कहा कि गीता सबसे अच्छा मैनेजमेंट मैनुअल है। इसमें जीवन को सुखमय बनाने का ज्ञान है। उन्होने कहा कि आज हमारे जीवन में टीवी और मोबाइल महाभारत के शकुनि मामा की तरह घुस गए हैं और हमारी सुख शान्ति में खलल डाल रहे हैं। इसलिए उन्होने सभा में उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि भोजन करते वक्त मोबाइल और टीवी को बंद कर दें।

नेपाल जोन की प्रभारी बीके राज दीदी ने कहा कि वर्तमान समय भगवान पशुपतिनाथ हम आत्माओं को पावन बनाने के लिए आ चुके हैं। अब हमें उनकी आज्ञा के अनुसार पावन बनना है। जीवन का परिवर्तन हमारे हाथ में है। दूसरों को बदलने की बजाय हमें स्वयं को बदलने का पुरुषार्थ करना है।

पानीपत से पधारे बीके भारत भूषण भाई ने सकारात्मक सोचने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अच्छे प्रशासक में पवित्रता, ईमानदारी और सकारात्मक नजरिया का होना आवश्यक है।

माउण्ट आबू के प्रशासक सेवा प्रभाग के समन्वयक बीके हरीश ने प्रशासक सेवा प्रभाग की सेवाओं से अवगत कराते हुए कहा कि प्रशासक को तनाव मुक्त बनाने और राजयोग से जीवन जीने की कला सिखलाने के लिए प्रशासक सेवा प्रभाग निरन्तर सेवारत है।

समारोह को ललितपुर के प्रमुख जिला अधिकारी भ्राता तुलसी बहादुर और ब्रह्माकुमार रामसिंह भाई ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन बीके विश्वनाथ भाई ने किया। ब्रह्माकुमारी दीपा दीदी ने राजयोग का अभ्यास कराया। आभार प्रदर्शन तिलक बहादुर भाई ने किया। इससे पहले ब्रह्माकुमारी विधात्री दीदी ने ब्रह्माकुमारी संस्थान का परिचय दिया। इस अवसर पर नेपाल की कन्याओं ने सुंदर स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम बहुत ही सफल रहा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें