इंदौर,मध्य प्रदेश। ब्रह्मा कुमारीज छावनी सेवा केंद्र में संयोगितागंज थाना पुलिस जवानों के लिए राजयोग मेडिटेशन द्वारा तनाव मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसका उद्देश्य पुलिस कर्मियों को मानसिक शांति प्रदान करना और नकारात्मक परिस्थितियों में भी सकारात्मक बने रहने की प्रेरणा देना रहा।
मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी जमीला बहन ने कहा कि पुलिस का कार्यक्षेत्र चुनौतीपूर्ण होता है, जहाँ प्रतिदिन गुस्से, रोने या आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों से सामना करना पड़ता है। ऐसे में मेडिटेशन धैर्य और शांति बनाए रखने का प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि मन की थोड़ी सी शांति और खुशी लंबे समय तक सकारात्मक प्रभाव डालती है।
कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक भ्राता तुषार सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी अधिकतर नकारात्मक वातावरण में रहते हैं, जिससे तनाव और चिड़चिड़ापन बढ़ता है। मेडिटेशन से मानसिक संतुलन बना रहता है। उन्होंने पुलिस जवानों से आग्रह किया कि अपने लक्ष्य को बड़ा रखें और अपनी पसंदीदा गतिविधियों को समय दें, जिससे वे सकारात्मक रहकर समाज सेवा कर सकें।
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी मधु दीदी ने किया। इंदौर छावनी सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी ने आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होते रहेंगे। ब्रह्माकुमारी मधु दीदी ने ब्रह्मा भोजन का महत्व बताया। सभी पुलिसकर्मियों ने भोजन का आनंद लिया और सराहना की।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक ब्रह्माकुमार कमल भाई ने गीत प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। इसके बाद मेडिटेशन से सभी ने गहरी शांति और सकारात्मकता का अनुभव किया।





