मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।अलीराजपुर: ब्रह्माकुमारी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस

अलीराजपुर: ब्रह्माकुमारी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस

अलीराजपुर,मध्य प्रदेश। वर्तमान समय में मानव विभिन्न प्रकार के विकारों, समस्याओं और मानसिक दुखों से ग्रस्त होता जा रहा है। ऐसे समय में ध्यान की आवश्यकता अत्यंत बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बिना ज्ञान के मानव जीवन विसंगतियों से भरता चला जाएगा, जिन्हें दूर करने के लिए ध्यान एक प्रभावी माध्यम है। यह विचार ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र संचालिका माधुरी बहन ने जिला कलेक्टर कार्यालय में जिले के समस्त अधिकारियों के मध्य अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इंदौर से पधारे जीवन जीने की कला के विशेषज्ञ ब्रह्मा कुमार नारायण भाई ने बताया कि वर्तमान समय में  ध्यान अत्यंत आवश्यक है ।ध्यान भारत की प्राचीन परंपरा की आधारशिला रहा है। प्राचीन काल से ही ऋषि-मुनियों द्वारा ध्यान एवं योग का प्रशिक्षण दिया जाता रहा है। ध्यान व्यक्ति को स्वयं से परिचित कराता है और मानसिक शक्ति को सुदृढ़ बनाता है। ध्यान और ज्ञान के माध्यम से आंतरिक शक्तियों को जागृत किया जा सकता है। वर्तमान समय में मन की कमजोरी के कारण नकारात्मक चिंतन बढ़ रहा है, जिससे अनेक मानसिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ध्यान के माध्यम से नकारात्मक विचारों को सकारात्मक में बदला जा सकता है, जिससे सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।

उन्होंने बताया कि ध्यान मानसिक, शारीरिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक रूप से मनुष्य को स्वस्थ रखने की कला सिखाता है। ध्यान से जीवन में खुशी, शांति, आनंद और प्रेम का सृजन होता है तथा यह अनेक मानसिक रोगों के लिए औषधि के समान है। अत्यधिक चिंतन से उत्पन्न नकारात्मकता को ध्यान द्वारा नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने अच्छी नींद के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि ध्यान का सर्वोत्तम समय प्रातःकाल का होता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती नीतू माथुर जिला कलेक्टर ने की और अपने उद्बोधन में बताया की ब्रह्माकुमारी संस्थान मनुष्य को जीवन जीने की कला सिखाता है। राजयोग के माध्यम से जीवन की अनेक समस्याओं पर विजय प्राप्त की जा सकती है। यह संस्थान विश्व शांति की स्थापना हेतु निरंतर कार्यरत है। आजकल डॉक्टर भी कहते हैं दवाइयां के साथ मेडिटेशन आवश्यक है। मेडिटेशन से ही हम अनेक रोगों पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। वर्तमान में मन की नकारात्मकता को राजयोग के माध्यम से ही खत्म किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments