रक्तदान महाअभियान को ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने वर्ल्ड रिकॉर्ड में किया शामिल
– ब्रह्माकुमारीज़ के समाज सेवा प्रभाग ने दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि पर भारत व नेपाल में एक साथ चलाया था रक्तदान महाअभियान
– दोनों देशों में कुल 88,378 यूनिट रक्त किया गया था एकत्र
– अवार्ड समारोह में देशभर से आए 15,000 से अधिक लोग रहे उपस्थित।
आबू रोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के समाज सेवा प्रभाग द्वारा राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि (विश्व बंधुत्व दिवस) के अवसर पर भारत एवं नेपाल में आयोजित विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान को ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
शांतिवन स्थित डायमंड हॉल में आयोजित भव्य अवार्ड समारोह में ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (OMG Book of Records) के प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता आनंदश्री एवं उनकी टीम द्वारा समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके अवतार भाई, ओ.आर.सी. निदेशिका बीके आशा दीदी एवं अन्य पदाधिकारियों को वर्ल्ड रिकॉर्ड मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर देशभर से आए 15,000 से अधिक लोग उपस्थित रहे।
पाँच पैरामीटर पर खरा उतरा यह अभियान
प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता आनंदश्री ने बताया कि किसी भी वर्ल्ड रिकॉर्ड को मान्यता देने से पहले पांच प्रमुख पैरामीटर देखे जाते हैं।
पहला – रिकॉर्ड का समाज के लिए उपयोगी होना। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के समाज सेवा प्रभाग द्वारा 22 अगस्त से 25 अगस्त 2025 तक भारत एवं नेपाल में यह महाअभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत दोनों देशों में कुल 88,378 यूनिट रक्तदान हुआ। इस अभियान ने विश्व को यह संदेश दिया कि हम रक्त नहीं बना सकते, लेकिन रक्तदान के माध्यम से जीवन अवश्य बचा सकते हैं।
दूसरा – ऐसा रिकॉर्ड जिसे किसी अन्य देश या संस्था ने पहले न बनाया हो। अब तक किसी आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्था द्वारा इतने व्यापक स्तर पर रक्तदान अभियान संचालित नहीं किया गया।
तीसरा – पूर्ण सुरक्षा मानकों का पालन।
चौथा – रिकॉर्ड का यूनिक एवं नवाचार पूर्ण होना।
पाँचवाँ – किसी भी देश या संस्था की ओर से कोई आपत्ति न होना।
इन सभी मानकों पर खरा उतरने के कारण ब्रह्माकुमारीज़ समाज सेवा प्रभाग को यह वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रदान किया गया।
सामाजिक एवं शासकीय संस्थाओं का रहा सहयोग
समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बी के अवतार भाई ने बताया कि इस महाअभियान में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, जिला ब्लड बैंक, जिला सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, रोटरी इंटरनेशनल, लायंस क्लब, आईएसबीटीआई सहित अनेक सामाजिक संगठनों का सहयोग प्राप्त हुआ था।⁰
यह ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के इतिहास में पहला अवसर था जब इतने बड़े स्तर पर रक्तदान अभियान आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय शुभारंभ 17 अगस्त को हुआ
समाज सेवा प्रभाग के मुख्यालय संयोजक बीके बीरेंद्र भाई ने बताया कि इस रक्तदान महाअभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ 17 अगस्त 2025 को गुरुग्राम स्थित ओ.आर.सी. में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा द्वारा किया गया था। इसके पश्चात 22 से 25 अगस्त 2025 तक भारत एवं नेपाल में हजारों रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। शिविरों की मॉनिटरिंग गूगल मैप के माध्यम से की गई तथा प्रत्येक रक्तदाता का पंजीकरण किया गया।
ये भी रहे उपस्थित
अवार्ड समारोह के दौरान ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के डॉ. दिनेश गुप्ता आनंदश्री, चंद्रशेखर सरोज, गुरुग्राम ओआरसी की निदेशिका बीके आशा दीदी, अंबाबाड़ी से महिला प्रभाग की नेशनल को-ऑर्डिनेटर बीके शारदा दीदी, समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके अवतार भाई, मुख्यालय संयोजक बीके बीरेंद्र भाई, दिल्ली खानपुर से प्रभाग की जोनल को-ऑर्डिनेटर बीके आशा दीदी, राजस्थान की एडिशनल जोनल कोऑर्डिनेटर बीके विजयलक्ष्मी दीदी, दिल्ली हरि नगर की रीजनल कोऑर्डिनेटर बीके सरिता दीदी सहित देशभर से आए 15,000 से अधिक लोग उपस्थित रहे।
Image Link:https://photos.app.goo.gl/PNWSsHfbvZZJHPcz5








