मुख पृष्ठशिव जयंतीहिसार: महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में निकली भव्य एवं ऐतिहासिक 12 ज्योतिर्लिंग...

हिसार: महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में निकली भव्य एवं ऐतिहासिक 12 ज्योतिर्लिंग शोभा यात्रा

हिसार, हरियाणा। ब्रह्माकुमारीज़ हिसार द्वारा 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती एवं आगामी महाशिवरात्रि महोत्सव — “महादेव से महामिलन का महामेला” के उपलक्ष्य में दिनांक 12 फरवरी 2026 को एक अत्यंत भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक 12 ज्योतिर्लिंग शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने पूरे शहर को शिवमय बना दिया।
यह विशाल शोभा यात्रा ब्रह्माकुमारीज़ राजयोग केंद्र, ज्योतिपुरा (रेलवे स्टेशन के अत्यंत निकट) से प्रातः आरंभ हुई और शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं मुख्य स्थलों से गुजरते हुए ब्रह्माकुमारीज़ पीस पैलेस, बालसमंद रोड पर भव्य रूप से संपन्न हुई। लगभग 15 किलोमीटर के विस्तृत मार्ग से होकर गुजरी इस शोभा यात्रा की कुल चलती हुई लंबाई लगभग 1 किलोमीटर रही, जिसने नगर के वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा, भक्ति और उल्लास से भर दिया।
शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण रहे 12 सुसज्जित एवं आकर्षक रथ, जिन पर परमात्मा शिव की यादगार 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य झांकियाँ विराजमान थीं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया और दिव्य ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर स्वयं को धन्य अनुभव किया।
इस ऐतिहासिक शोभा यात्रा में 600 से अधिक ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने एकजुट होकर अनुशासन, शांति एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ सहभागिता की। यात्रा में ब्रह्माकुमारीज़ हिसार की संचालिका बीके रमेश कुमारी दीदी स्वयं उपस्थित रहीं। उनके साथ बीके अनीता, बीके राजेंद्र, बीके अंतिमा, बीके नीरज, बीके रेनू सहित अन्य वरिष्ठ ब्रह्माकुमारी भाई-बहन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने शिव संदेश द्वारा नगरवासियों को आध्यात्मिक प्रेरणा प्रदान की। सभी प्रतिभागियों ने सफेद वेशभूषा में शिव संदेश का प्रचार करते हुए नगरवासियों को परमात्मा शिव के वास्तविक स्वरूप एवं राजयोग साधना का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान हजारों नागरिकों को 14-15 फरवरी 2026 को ब्रह्माकुमारीज़ पीस पैलेस में आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि महोत्सव में पधारने का आमंत्रण दिया गया तथा पम्पलेट वितरित कर मेले की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
यह भव्य आयोजन आने वाले महाशिवरात्रि महोत्सव की दिव्य झलक प्रस्तुत करता है, जो निश्चित रूप से हजारों श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव सिद्ध होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments