मुख पृष्ठराज्यओडिशाआशिका: महा शिवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में...

आशिका: महा शिवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में आयोजित द्वादश ज्योतिर्लिंग मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न

आसिका,ओडिशा: महा शिवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आसिका सेवा केंद्र में आयोजित द्वादश ज्योतिर्लिंग मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।

शांति शक्ति भवन की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी प्रभाती बहन के संयोजन में आयोजित इस त्रिदिवसीय मेले में स्थानीय विधायक सरोज कुमार पाढ़ी, आसिका चीनी मिल के प्रबंध निदेशक डॉ. सुषांत कुमार पंडा, आसिका बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र पंडा तथा बरगांव अपग्रेडेड उच्च विद्यालय की प्रधान शिक्षिका स्नेहलता आचार्य सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि ईश्वरीय विश्व विद्यालय का प्रत्येक कार्यक्रम सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए “स्वर्णिम भारत” के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके लिए संस्था के सभी भाई-बहन प्रशंसा के पात्र हैं।

द्वितीय दिवस पर जाहाड़ा सरपंच सत्यवादी स्वाईं, गहंगू सरपंच मनोज परिडा, नलबंटा सरपंच किशोर प्रधान, हाड़ीचिरा सरपंच अजीत कुमार जेना, बाबनपुर सरपंच संजय कुमार नायक, निमीना सरपंच विद्यांत चर्ची, भेतनई सरपंच प्रतिनिधि टुलु जेना, अलीपुर सरपंच प्रतिनिधि अभिमन्यु नाहक, बेणापाट सरपंच प्रतिनिधि सुषांत कुमार प्रधान तथा निमीना आदर्श विद्यालय के प्राचार्य दुर्योधन दोरा आदि ने आध्यात्मिक सभा में भाग लिया। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा प्रदत्त सामाजिक एवं नैतिक मूल्य-शिक्षा परिवार और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है।

समापन दिवस पर आसिका की पूर्व नगरपालिकाध्यक्ष मधुस्मिता पलाई एवं विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर संस्था की शिक्षाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय विश्व विद्यालय की शिक्षाएं समाज के सभी वर्गों को प्रभावित कर रही हैं तथा इसकी निरंतर प्रगति की कामना की।

अंत में शांति शक्ति भवन की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी प्रभाती बहन ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों की आध्यात्मिक उपस्थिति से उत्पन्न दिव्य ऊर्जा नगरवासियों को सदैव सकारात्मक अनुभव प्रदान करेगी।

भारत के सुप्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन एवं उनके आध्यात्मिक रहस्यों को जानने हेतु मेले में भारी जनसमागम देखा गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments