हमारे चेहरे की मुस्कुराहट पूरे परिवार को खुशियों से भर सकती है- बीके गीता दीदी
ब्रह्माकुमारियों के आदर्शों को अपना कर घर को मंदिर बनाया जा सकता है- डॉ. नंदिता पाठक
छतरपुर,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा द्वादश ज्योतिर्लिंग मेले में महिला सम्मेलन घर बने मंदिर विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, सर्व वैश्य समाज अध्यक्ष अर्चना कठल, मंडल उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी शिल्पी जैन, होटल रेडिशन जनरल मैनेजर खजुराहो विजया दत्ता, छतरपुर गांधी आश्रम संचालिका दमयंती पाणि, लीनस क्लब अध्यक्ष प्रतिभा अग्रवाल, पूर्व लीनस क्लब अध्यक्ष धीरज मिश्रा, उड़ान क्लब अध्यक्ष स्मिता जैन, डॉक्टर दीप्ति गुप्ता, एडवोकेट मीरा गुप्ता, नौगांव डिसलरी क्षमा अग्रवाल उपस्थिति रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के सत्कार एवं दीप प्रज्वलन से की गई तत्पश्चात कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भीनमाल राजस्थान से आई हुई वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका राजयोगिनी गीता दीदी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने घर को मंदिर बनाने के लिए पहले अपने हृदय को मंदिर बनाना होगा और जब हृदय में शुद्धता होगी तो वही शुद्धता स्वच्छता आपके कार्यों में भी झलकेगी। हमारे चेहरे की मुस्कान पूरे परिवार में मुस्कुराहट का कारण बन सकती है और हमारी झुंझलाहट पूरे परिवार में कलह का कारण भी बन सकती है इसलिए मुस्कुराते रहिए क्योंकि मुस्कुराहट पर अभी तक सरकार ने कोई टैक्स नहीं लगाया है। मुस्कुराहट एक ऐसा पासपोर्ट है जो आपको कहीं पर भी किसी के दिल में भी एंट्री दिला सकता है इसलिए मुस्कुराईए और अपने घर को मंदिर बनाईए।
इस मौके पर ग्वालियर से पधारे बीके अर्जुन ने श्री कृष्ण के मनमोहक नृत्य से पूरे मेले में एक उत्सव का माहौल जागृत कर दिया और मातृशक्तियों को उमंग उत्साह से भर दिया। कु. वेदिका ने बहुत सुंदर नृत्य की प्रस्तुति प्रस्तुत की।
इस मौके पर द्वादश ज्योतिर्लिंग मेले में शिव के साथ शिव शक्तियों अर्थात मात्रृशक्तियों का सैलाब उमड़ पड़ा और हर एक के चेहरे पर कुछ नया पाने का और कुछ घर जाकर नया करने का संकल्प जागृत हुआ।
मंच पर विराजमान डॉ. नंदिता पाठक ने कहा कि यदि हम ब्रह्माकुमारी बहनों के बताए आदर्शो पर चलेंगे तो हमारा घर मंदिर अवश्य बनेगा। इसके अलावा पर मंचासीन सभी अतिथियों ने और सभा में बैठी हुई सभी माता बहनों ने इन सभी ज्ञानवर्धक बातों को अपने जीवन में धारण करने और अपने घर को मंदिर बनाने का संकल्प किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन बीके प्रीति बहन ने किया और कार्यक्रम के अंत में छतरपुर सेवाकेंद्र प्रभारी बीके शैलजा ने सभी को अपने शुभ संकल्प को पूरा करने के लिए और यहां जो ज्ञान का बीज डाला गया है उसको फलीभूत करने के लिए शुभ भावनाएं प्रेषित की कि आपका घर सदा मंदिर बना रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों की आरती की और प्रसाद ग्रहण किया।









