मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।नरसिंहपुर : आध्यात्मिक चेतना का शंखनाद: ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित 'शिव संदेश शोभायात्रा'

नरसिंहपुर : आध्यात्मिक चेतना का शंखनाद: ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित ‘शिव संदेश शोभायात्रा’

नरसिंहपुर, मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय ‘दिव्य संस्कार भवन हाउसिंग बोर्ड कालोनी नरसिंहपुर के तत्वावधान में आयोजित 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती के पावन उपलक्ष्य में विशाल ‘शिव संदेश शोभायात्रा’ एवं आध्यात्मिक महासम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य संस्कार भवन परिसर में नगर पालिका अध्यक्ष पंडित नीरज महाराज एवं ब्रह्माकुमारी कुसुम बहन जी द्वारा ईश्वरीय ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वज फहरा कर विश्व शांति, एकता व सद्भावना का संदेश संप्रेषित किया गया।
इसके उपरांत मध्याह्न 12:00 बजे सेवाकेंद्र से भगवान शिव की भव्य शोभायात्रा का मंगल उद्घोष हुआ जिसमें स्वयं भोलेनाथ का दिव्य रथ, श्री लक्ष्मीनारायण जी व शेषशाई श्री विष्णु जी की मनोरम चैतन्य झांकी शोभायमान हो रही थी।गाजे-बाजे और परम पिता परमात्मा शिव के सुमधुर गीतों की तरंगों के साथ यह यात्रा जैसे ही हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से प्रस्थान कर नगर के पथों पर बढ़ी, नगरवासियों ने पुष्प-वृष्टि कर इसका अभिनंदन किया।
नगरपालिका चौराहे पर पूर्व विधायक सुनील जायसवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष एवं प्रबुद्ध व्यापारियों ने भव्य स्वागत किया, वहीं सुभाष पार्क पर डॉ. संजीव चांदूरकर एवं डॉ. स्वाति चांदूरकर ने उपस्थित होकर यात्रा का आत्मीय वंदन किया। शोभायात्रा जब ऐतिहासिक राम मंदिर की देहरी पर पहुँची, तो पुजारी पंडित बलराम शास्त्री जी एवं कैलाश चंद्र नेमा सहित अन्य व्यापारियों ने इसका स्वागत किया। इसके उपरांत यात्रा मुशरान पार्क पहुँची, जहाँ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संध्या कोठारी, वरिष्ठ समाजसेवी सुनील कोठारी एवं अजय वासवानी ने श्रद्धापूर्ण अगवानी की। तदुपरांत सुनका चौराहे पर सराफा व्यापारी मुकेश लुनावत, संजय अग्रवाल और पंकजमणि नेमा ने अपनी अटूट श्रद्धा निवेदित की।
विभिन्न मार्गों का परिभ्रमण करती हुई यह शोभायात्रा यादव कॉलोनी (गली नंबर 10) पहुँची, जहाँ एक विशाल ‘आध्यात्मिक सम्मेलन’ का भव्य आयोजन हुआ। इस सम्मेलन का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी भ्राता सुनील कोठारी, वरिष्ठ जन परिषद अध्यक्ष गणेश चतुर्वेदी संचालिका ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी 25 ब्रह्माकुमारी बहनों सहित नगर के 90 प्रतिष्ठित नागरिकों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रज्ज्वलित दीपों की यह कतारबद्ध ज्योति न केवल आयोजन स्थल को आलोकित कर रही थी, अपितु समाज में ज्ञान और सद्भावना के प्रकाश पुंज का संचार भी कर रही थी।
इस पुनीत अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी कुसुम बहन जी ने महाशिवरात्रि के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों का प्रतिपादन किया। उन्होंने रेखांकित किया कि ‘शिव’ शब्द का अर्थ ही ‘कल्याणकारी’ है; अतः उपवास का वास्तविक मर्म परमात्मा के सामीप्य में वास करना और जागरण का अर्थ अपने भीतर व्याप्त विकारों के प्रति सचेत होना है।
सम्मेलन में वक्ताओं ने राजयोग के माध्यम से जीवन में घटित होने वाले सकारात्मक रूपांतरणों पर गहन विमर्श किया। संस्था द्वारा समस्त अतिथियों और श्रद्धालुओं का आत्मीय सत्कार करते हुए उन्हें ‘ईश्वरीय सौगात’ एवं ‘प्रभु प्रसाद’ प्रदान किया गया। अंततः सभी उपस्थित जनों ने जीवन में सात्विकता और शांति को अंगीकार करने का पावन संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के अभूतपूर्व सामंजस्य से यह महोत्सव अत्यंत उल्लासपूर्ण वातावरण में निर्विघ्न संपन्न हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments