हरपालपुर, मध्य प्रदेश। विश्व नागरिक सुरक्षा दिवस के अवसर पर दिव्य धाम सेवा केंद्र हरपालपुर में “घर बने मंदिर” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि श्री राघव दास महाराज (एस.एल. मुख्य बुकिंग पार्सल सुपरवाइजर, रेलवे) एवं मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी नंदा बहन जी साथ ही पत्रकार बंधु वरिष्ठ नागरिक जन की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। ब्रह्माकुमारीज दिव्य धाम हरपालपुर प्रभारी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी के तत्वाधान में संपन्न हुआ कार्यक्रम।
हरपालपुर-स्थानीय ब्रह्माकुमारीज दिव्य धाम में विश्व नागरिक सुरक्षा दिवस पर घर बने मंदिर विषय पर हुआ प्रभावशाली कार्यक्रम। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वरीय स्मृति से हुआ। तत्पश्चात बीके आशा दीदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित भाई-बहनों का हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी नंदा बहन जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि यदि परिवार के सदस्य अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, शुद्ध विचार, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जीवनशैली को अपनाएं तो हर घर स्वतः ही मंदिर बन सकता है। उन्होंने कहा कि घर में प्रेम, शांति और सहनशीलता का वातावरण ही सच्ची नागरिक सुरक्षा की नींव है।
मुख्य अतिथि श्री राघव दास महाराज जी ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि घर को मंदिर बनाने के लिए आध्यात्मिक ज्ञान की परम आवश्यकता है। जब परिवार में ईश्वर स्मृति और सत्संग का वातावरण होता है, तब कलह समाप्त होकर सुख-शांति का वास होता है।
कार्यक्रम के दौरान कुमारी तनु ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंत में ध्वजारोहण किया गया तथा भोलेनाथ जी की आरती कर सभी को प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, माताएँ-बहनें एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।





