जयपुर,राजस्थान। वैशाली नगर स्थित राजयोग भवन में परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 प्रदीप गिरि जी महाराज का पावन आगमन हुआ, जहां उन्होंने केंद्र का अनौपचारिक निरीक्षण करते हुए आध्यात्मिक व्यवस्था एवं सेवाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर राजयोगिनी सुषमा दीदी एवं राजयोगिनी चंद्रकला दीदी द्वारा महाराज जी का स्नेहपूर्वक स्वागत किया गया। तिलक, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र अर्पित कर उन्हें सम्मानित किया गया, जिससे वातावरण में श्रद्धा एवं आध्यात्मिकता की विशेष अनुभूति हुई।
स्वागत उपरांत राजयोगिनी बहनों द्वारा महाराज जी को ईश्वरीय संदेश प्रदान किया गया, जिसमें आत्मिक शांति, सकारात्मक जीवनशैली एवं राजयोग साधना के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही विश्व में सनातन शांति एवं आध्यात्मिक जागरूकता विषय पर सारगर्भित ज्ञान-विमर्श हुआ, जिसमें आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
महाराज जी ने केंद्र में स्थित आध्यात्मिक संग्रहालय एवं प्रभु निधि सभागार का निरीक्षण किया तथा वहाँ की व्यवस्था एवं प्रदर्शित ज्ञान की सराहना की। उन्होंने इस प्रकार के आध्यात्मिक प्रयासों को समाज में शांति एवं सद्भावना के संवर्धन हेतु अत्यंत उपयोगी बताया।
अंत में महाराज जी को ईश्वरीय सौगात एवं प्रभु प्रसाद अर्पित किया गया। उन्होंने केंद्र की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की । यह संपूर्ण अवसर अत्यंत गरिमामय, प्रेरणादायक एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।






