पानीपत,हरियाणा। ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेण्टर के दादी ब्रिज पुष्पा सेमिनार हॉल में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता कोबढ़ाना। इस अवसर पर इंडियन सिंथेटिक रबर प्राइवेट लिमिटेड (आईएसआरपीएल), पानीपत रिफाइनरी द्वारा अपने सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन को स्वास्थ्य जागरूकता हेतु एक नवीन बस भेंट की गई तथा उसका विधिवत तरीके से दीप जलाकर उद्घाटन किया ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री एम. एल. धरिया (कार्यकारी निदेशक, पानीपत रिफाइनरी), विशिष्ट अतिथि के. जयपाल (प्रबंध निदेशक, आईएसआरपीएल) तथा सम्मानित अतिथि के रूप में सैम येन (मुख्य परिचालन अधिकारी) एवं मुकेश शर्मा (मानव संसाधन एवं प्रशासन विभागाध्यक्ष) उपस्थित रहे। इस अवसर पर रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा यह स्वास्थ्य जागरूकता बस राजयोगी भारत भूषण भाई, निदेशक, ज्ञान मानसरोवर तथा ब्रह्माकुमारी संस्था के निमित्त भाई-बहनों को औपचारिक रूप से सुपुर्द की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एम. एल. धरिया ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण समय की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत प्रदान की गई यह स्वास्थ्य जागरूकता बस ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा ब्रह्माकुमारी संस्था के माध्यम से जन-जन तक सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुँचेगा।
अपने संबोधन में अन्य अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक रूप से स्वस्थ बनाना अत्यंत आवश्यक है। ब्रह्माकुमारी संस्था आध्यात्मिक मूल्यों के साथ-साथ सकारात्मक जीवनशैली, नशामुक्ति, स्वच्छता तथा मानसिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय सेवाएँ प्रदान कर रही है। यह स्वास्थ्य जागरूकता बस ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन-जन तक स्वास्थ्य संबंधी प्रेरणादायक संदेश पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राजयोगी भारत भूषण भाई ने इंडियन सिंथेटिक रबर प्राइवेट लिमिटेड, पानीपत रिफाइनरी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बस समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, तनावमुक्त जीवनशैली, राजयोग ध्यान तथा नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और इससे सेवा कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं अधिकारियों के प्रति शुभकामनाएँ व्यक्त की गईं तथा समाज को स्वस्थ, जागरूक और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। बी के सुनीता दीदी, संचालिका, हुडा, पानीपत ने राजयोग का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के अंत में सभी मंचाशीन को ईश्वरीय सौगात भेंट की गयी एवं पगड़ी पहनकर सम्मानित किया गया। मंच का कुशल संचालन बी के दिव्या बहन ने किया। कुमारी धारा ने अपने नृत्य से सभी का स्वागत किया।






