मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।नौगांव: विश्व स्वास्थ्य दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा व्यसन मुक्ति प्रदर्शनी आयोजित

नौगांव: विश्व स्वास्थ्य दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा व्यसन मुक्ति प्रदर्शनी आयोजित

नौगांव, मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज़ ईश्वरीय विश्वविद्यालय नौगांव द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पुराना सिविल हॉस्पिटल एवं नया सिविल हॉस्पिटल नौगांव में स्वास्थ्य जागरूकता हेतु व्यसन मुक्ति प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

अस्पताल परिसर में उपस्थित डॉक्टर, नर्स, मरीज एवं उनके परिजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर व्यसन के दुष्प्रभावों को समझा। इस दौरान बीके सुमन बहन ने कहा कि लोग अक्सर कहते हैं कि हमारा भारत देश गरीब है, परंतु इस गरीबी का एक मुख्य कारण व्यसन है, जो व्यक्ति को पतन की ओर ले जाता है।

बीके मोहिनी बहन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी संतुलन अत्यंत आवश्यक है। मन को स्वस्थ और शांत रखने के लिए नियमित रूप से मेडिटेशन का अभ्यास करना चाहिए।

प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशों के हानिकारक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने व्यसन मुक्त जीवन जीने का संकल्प भी लिया। कई मरीजों एवं उनके परिजनों ने इस पहल से प्रेरणा प्राप्त कर नशा छोड़ने की इच्छा व्यक्त की।

कार्यक्रम में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर रविंद्र पटेल, गायनिक विशेषज्ञ प्रियंका चौहान, अशोक भाई, धर्मेंद्र भाई, महेश भाई सहित डॉक्टर स्टाफ एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।

अंत में सभी को ईश्वरीय स्लोगन एवं आध्यात्मिक साहित्य भेंट किया गया तथा स्वस्थ, नशा मुक्त और सुखी जीवन जीने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments