नरसिंहपुर,मध्य प्रदेश। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के पावन अवसर पर गुरुवार शाम 7:30 बजे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ‘दिव्य संस्कार भवन’ नरसिंहपुर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों ने संस्था पहुंचकर श्री कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां साझा कीं और बाल गोपाल का झूला झुलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा और डॉ. श्रीमती स्वाति मीणा ने शिरकत की। संस्था की जिला संचालिका ब्र.कु. कुसुम दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने परंपरा के अनुसार विधि-विधान से श्रीकृष्ण जी का पूजन-अर्चन किया और बालकृष्ण को झूला झुलाया।
इस दौरान अतिथियों ने राजयोग ध्यान का अभ्यास किया और अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहाँ आकर मन को असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति बनाए रखने के लिए राजयोग साधना अत्यंत आवश्यक है। अतिथियों ने समाज में नैतिक मूल्यों के उत्थान, व्यसन मुक्ति और मानवीय गुणों के विकास के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे समाज सुधार के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में ब्र.कु. किरण दीदी ने अतिथियों को संस्था के आध्यात्मिक संग्रहालय में ले जाकर प्रेरणादायी प्रदर्शनी का अवलोकन कराया, जिसकी अतिथियों ने बहुत सराहना की। इसके साथ ही अतिथियों ने समस्त जिलावासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें निष्काम कर्म, प्रेम, भाईचारा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता की मंगल कामना की।
बच्चों द्वारा शानदार सांस्कृतिक नृत्य से सब को श्री कृष्ण मय कर दिया।
बच्चों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर करेली सेवाकेंद्र प्रभारी ब्र.कु. सरोज दीदी सहित ब्र.कु. किरण, ब्र.कु. अर्पिता, ब्र.कु. वर्षा, ब्र.कु. साधना, ब्र.कु. नेहा दीदी एवं अन्य बीके भाई-बहनें उपस्थित रहे।




