मुख पृष्ठराज्यछत्तीसगढ़कोपरा : द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन का भव्य शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने...

कोपरा : द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन का भव्य शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया उद्घाटन

रजत जयंती पर स्थापित हुए 12 ज्योतिर्लिंग, आध्यात्मिक संग्रहालय का भी लोकार्पण

कोपरा,छत्तीसगढ़: शिव भक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना कोपरा। शिव दर्शन भवन, रायपुर-देवभोग रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में शनिवार को “द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन” का भव्य शुभारंभ हुआ। रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना के साथ आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी व म्यूजियम का भी लोकार्पण हुआ।

“कुंती बहन के दृढ़ संकल्प का परिणाम”: उपमुख्यमंत्री

मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “कोपरा जैसे उभरते नगर में द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना और आध्यात्मिक म्यूजियम का निर्माण कुंती बहन के दृढ़ संकल्प का परिणाम है। 3 बजे की तपती दोपहरी में भी श्रद्धालुओं की भीड़ बता रही है कि यहां अध्यात्म की नई संस्कृति का उदय होगा।” उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्था दुनिया के 147 देशों में 10,000 सेवा केंद्रों के माध्यम से महिलाओं द्वारा संचालित सबसे बड़ी आध्यात्मिक संस्था है। नशा मुक्ति, पर्यावरण व ऑर्गेनिक खेती में संस्था का योगदान सराहनीय है।

विधायक रोहित साहू बोले: नारी शक्ति की मिसाल है ब्रह्माकुमारी  

क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारी शक्ति का जो आह्वान कर रहे हैं, उसमें ब्रह्माकुमारी बहनों की भूमिका सबसे बड़ी है। ओम शांति परिवार ने कोपरा को नई पहचान दी है।”

“परमात्मा शिव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य”: आशीष भाई  

आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए आशीष भाई ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना का मूल उद्देश्य परमात्मा शिव के अवतरण का संदेश घर-घर पहुंचाना है। “संगम युग में परमात्मा ब्रह्मा तन का आधार लेकर गीता ज्ञान दे रहे हैं। ब्रह्माकुमारी बहनें शिव शक्ति के रूप में यह संदेश लेकर जा रही हैं।”

“25 साल की तपस्या का साकार रूप”: नारायण भाई

नारायण भाई ने कहा, “कुंती बहन ने 25 साल तक धर्म और अध्यात्म के मार्ग पर चलकर, वनवासी जीवन सा त्याग कर, आज कोपरा नगर में द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना कर उसे प्रैक्टिकल साकार रूप दिया। यह क्षेत्र गोपेश्वर पंचकोशी यात्रा का पावन धाम है। पंचकोशी यात्रा कर्णेश्वर धाम से शुरू होकर भूलेश्वर, गोपेश्वर, जंभेश्वर होते हुए कोपरा में संपन्न होती है। लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरते हैं।” 

उन्होंने कहा, “परमात्मा धर्म की स्थापना और नैतिक मूल्यों के उत्थान के लिए इस धरा पर आते हैं। वर्तमान समय परमात्मा के कार्य को पहचान देने और हर मानव को अध्यात्म की दिशा देने के उद्देश्य से यह स्थापना की गई है। भारत में 12 ज्योतिर्लिंग परमात्मा के कार्य का यादगार हैं।”

कुंती बहन की मेहनत को मिला साधुवाद  

वक्ताओं ने सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी कुंती बहन की मेहनत की सराहना की। बताया गया कि उन्होंने रात-दिन एक कर द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना कराई। मंच पर पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, चंद्रशेखर साहू, ब्रह्माकुमारी पुष्पा दीदी, अन्नपूर्णा दीदी, नारायण भाई, रूखमणि दीदी उपस्थित रहे। जोनल इंचार्ज राजयोगिनी आरती दीदी ने संदेश भेजकर शुभकामनाएं दीं।

“आध्यात्मिक जागरण का अतुलनीय कार्य”: औघड़नाथ बाबा  

रुद्रप्रचंड वेगनाथ बाबा ने संदेश में कहा, “ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा किया जा रहा आध्यात्मिक जागरण का कार्य अतुलनीय है। द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना लाखों लोगों को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ेगी। यह आयोजन घर-घर तक शांति का संदेश पहुंचाए।”

कार्यक्रम का संचालन बिलासपुर की राखी बहन ने किया। यूट्यूब पर भी लाखों लोगों ने लाइव दर्शन का लाभ लिया। आयोजन समिति ने बताया कि प्रदर्शनी स्थायी रूप से श्रद्धालुओं के लिए खुली रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments