रीवा,मध्य प्रदेश। नवनियुक्त कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी जी का ब्रह्माकुमारीज़ परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत।
प्रेम, शांति एवं आध्यात्मिक सद्भावना के साथ ब्रह्माकुमारीज़ रीवा ने किया अभिनंदन, द्वादश ज्योर्तिलिंगम यात्रा की जानकारी भी दी
रीवा।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, रीवा द्वारा रीवा जिले के नवनियुक्त कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी जी का आत्मीय एवं आध्यात्मिक भावनाओं के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ परिवार ने उन्हें नवीन दायित्व हेतु ढेरों शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से ब्रह्माकुमारीज़ रीवा सेवाकेंद्र की संचालिका राजयोगिनी बीके लता दीदी, संयोजक बीके प्रकाश भाई, रायपुर कर्चुलियान जनपद सदस्य कमला साकेत, बीके अंशिका बहन, बीके विजय देव भाई, बीके सुभाष भाई, बीके रोहित भाई सहित ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ परिवार द्वारा श्री लक्ष्मी-नारायण जी का दिव्य स्मृति चिन्ह आदरणीय कलेक्टर महोदय को समर्पित किया गया। साथ ही संस्था द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक, सामाजिक एवं नैतिक जागरण के विभिन्न कार्यों से उन्हें अवगत कराया गया।
दीदी एवं भाई-बहनों ने वर्तमान में चल रही “द्वादश ज्योर्तिलिंगम प्रेम, शांति एवं सद्भावना यात्रा” के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि यह यात्रा समाज में आध्यात्मिक जागृति, आत्मिक शांति, भाईचारा, प्रेम एवं सकारात्मक संस्कारों का संदेश दे रही है।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी जी ने संस्था द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही संस्थान पधारकर सभी सेवाओं का अवलोकन करेंगे।
पूरा वातावरण आध्यात्मिक प्रेम, सम्मान एवं दिव्य अनुभूतियों से भर गया। ऐसा अनुभव हुआ मानो स्वयं भोलेनाथ शिव बाबा की शुभभावनाएँ ब्रह्माकुमारीज़ भाई-बहनों के माध्यम से आदरणीय कलेक्टर महोदय तक पहुँच रही हों। उपस्थित सभी जनों ने उनके सफल, उज्ज्वल एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल हेतु ईश्वर से मंगलकामनाएँ कीं।









