मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।रीवा: ब्रह्मा कुमारीज़ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य कार्य दिवस मनाया गया

रीवा: ब्रह्मा कुमारीज़ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य कार्य दिवस मनाया गया

बढ़ती एनीमिया एवं स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु राजयोग, संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

रीवा , मध्य प्रदेश। ब्रह्माकुमारीज़ सब ज़ोन रीवा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य कार्य दिवस के अवसर पर प्रातः 8:20 बजे विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में CMHO डॉ. संजीव शुक्ला जी उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में गुजरात के पाटन से पधारे डॉ. राघवेन्द्र सिंह जी ने अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजयोगिनी बीके निर्मला बहन जी, भोपाल जोन डायरेक्टर द्वारा की गई, जो विशेष रूप से भोपाल से पधारी थीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जीडीसी कॉलेज की प्रिंसिपल विभा श्रीवास्तव जी, डॉ. आर. बी. पटेल जी, मध्यांचल ग्रामीण बैंक के पूर्व बैंक मैनेजर राजभान पटेल जी, समाजसेवी अवधेश श्रीवास्तव जी एवं आईटीआई प्रिंसिपल दीपक तिवारी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. संजीव शुक्ला जी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का स्वास्थ्य एक गंभीर विषय बनता जा रहा है। रीवा एवं आसपास के क्षेत्रों में एनीमिया, कुपोषण, मानसिक तनाव एवं असंतुलित जीवनशैली के कारण अनेक स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं में खून की कमी एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अभाव चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज की नींव होती है। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद, योग एवं व्यायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही मानसिक तनाव से मुक्त रहने के लिए सकारात्मक चिंतन एवं मेडिटेशन अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. शुक्ला जी ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, नशा-मुक्ति एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राजयोग मेडिटेशन लोगों को मानसिक रूप से मजबूत बनाकर जीवन में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं से नशा-मुक्त जीवन अपनाने और अपने परिवार को भी स्वस्थ एवं संस्कारवान बनाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता डॉ. राघवेन्द्र सिंह जी ने बताया कि वे पिछले 30 वर्षों से ब्रह्माकुमारीज़ में रहकर राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कर रहे हैं, जिससे उन्होंने स्वयं को मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाया है। उन्होंने एनीमिया, मानसिक तनाव एवं महिला स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
विशिष्ट अतिथि जीडीसी कॉलेज की प्रिंसिपल विभा श्रीवास्तव जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं बल्कि पूरे समाज की प्रगति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ महिलाएं स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बना सकती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी महिला स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक सोच एवं संस्कारित जीवनशैली को समय की आवश्यकता बताया। इस पुनीत कार्यक्रम में 100 से अधिक साधक, तपस्वी बीके भाई-बहन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी को नशा-मुक्ति का संकल्प कराया गया। तत्पश्चात सभी ने ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments