मुंबई घाटकोपर महाराष्ट्र: स्वस्थ, सशक्त एवं व्यसनमुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे और व्यसनों से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा यह एक सशक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा आध्यात्मिक जागरूकता, मूल्यनिष्ठ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में किए जा रहे दीर्घकालीन योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारीज़ की उस महत्वाकांक्षी पहल की भी प्रशंसा की, जिसके माध्यम से करोड़ों लोगों को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने इसे जनजागरण का एक प्रभावशाली अभियान बताते हुए विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे इस आंदोलन से जुड़कर स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।



