इंदौर,मध्य प्रदेश। रोटरी क्लब इंदौर के 81 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य “रोटरी अलंकृत समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में समाज, आध्यात्मिकता, पत्रकारिता एवं रोटरी सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुशील मल्होत्रा, अध्यक्ष राकेश बमोरिया, अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह, अध्यक्ष संजय दीक्षित तथा पूर्वाध्यक्ष सुधा भटनागर द्वारा आध्यात्मिक क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं आजीवन योगदान के लिए राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आरती दीदी को “लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड” प्रदान किया गया। आरती दीदी विगत 60 वर्षों से इंदौर जोन में हजारों लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों, राजयोग ध्यान और श्रेष्ठ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर उनके जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही हैं।
ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से सेवा दे रही ब्रह्माकुमारी रेवती बहन एवं ब्रह्माकुमारी दुर्गा बहन को रोटरी पीस मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं, रोटरी इंटरनेशनल के निर्वाचित गवर्नर सुखदेव सिंह घुम्मन का भी विशेष सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह के स्वागत भाषण से हुआ। रोटरी चतुर्वेद मंत्र का वाचन गैलेक्सी के अध्यक्ष संजय दीक्षित ने किया। कार्यक्रम का संचालन सरजीव पटेल ने किया तथा अंत में सचिव समीर खान ने आभार प्रदर्शन व्यक्त किया।
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने सेवा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को समाज की वास्तविक शक्ति बताते हुए निरंतर जनकल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।





