मुख पृष्ठपर्यावरणग्वालियर: ब्रह्माकुमारीज में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, जल बचाने और अधिक से...

ग्वालियर: ब्रह्माकुमारीज में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, जल बचाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का लिया संकल्प

पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही भविष्य की सुरक्षा : अशोक शर्मा
पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी: आदर्श दीदी

ग्वालियर,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय के माधवगंज स्थित प्रभु उपहार भवन में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता विषय पर विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) अध्यक्ष अशोक शर्मा, दाल बाजार के व्यवसायी संतोष बंसल, ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी जी एवं प्रेरक वक्ता बीके प्रहलाद भाई उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के शुभारम्भ में बीके प्रहलाद भाई ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय पिछले 9 दशकों से आध्यात्मिकता के साथ सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं नशामुक्ति जैसे अनेक क्षेत्रों में जनजागृति का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और मानव जीवन का संबंध बहुत गहरा है। यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए प्रकृति संरक्षण की दिशा में कार्य करना होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि आज जिस विषय पर चर्चा हो रही है, वह केवल वर्तमान समय से नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। वृक्षारोपण और जल संरक्षण दोनों ही अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यदि पृथ्वी पर सबसे बड़ा संकट कोई आएगा तो वह जल का होगा, क्योंकि जल ही जीवन का आधार है। जल के बिना किसी भी जीव का अस्तित्व संभव नहीं है। आज कई क्षेत्रों में लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिसका मुख्य कारण जल का अपव्यय और प्राकृतिक संसाधनों का गलत उपयोग है। इसलिए हमें हर बूंद की कीमत समझनी होगी, क्योंकि जल है तो कल है।
उन्होंने कहा कि यदि हम आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों को मानते हैं तो हमें अच्छे कर्मों की जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। शहर को स्वच्छ रखने और वृक्षारोपण में आगे आना होगा। उन्होंने साडा क्षेत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की बात कही और सभी को इसमें सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं बीके आदर्श दीदी जी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। आज कई लोग अभियान के दौरान पौधे लगा देते हैं, लेकिन बाद में उनकी संभाल नहीं करते, जिससे पौधे सूख जाते हैं। इसलिए हमें संकल्प लेना चाहिए कि जितने भी पौधे लगाएंगे, उनकी पूरी जिम्मेदारी भी निभाएंगे। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें घर से ही कपड़े का थैला लेकर निकलने की आदत बनानी होगी। जब यह आदत हमारे जीवन का हिस्सा बन जाएगी, तो वह दिन दूर नहीं जब हम प्लास्टिक को अपने जीवन से पूरी तरह दूर कर पाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार अपने आसपास के वातावरण और सड़कों को भी स्वच्छ रखना चाहिए।
कार्यक्रम में व्यवसायी संतोष बंसल ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments