योग के साथ राजयोग अपनाकर तन और मन को रखें स्वस्थ — ब्रह्माकुमारीज़
आगरा, उत्तर प्रदेश। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ आर्ट गैलरी म्यूजियम आगरा द्वारा पूरे सप्ताह जिले के विभिन्न सेवा केन्द्रों एवं सेवाकेंद्र , एवं गीता पाठशाला में योग एवं राजयोग जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय बैठक में ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से बीके मधु बहन, बीके माला बहन, बीके संगीता बहन एवं बीके गीता बहन ने सहभागिता कर योग दिवस कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।
योग सप्ताह के दौरान ब्रह्माकुमारीज़ के सभी सेवा केन्द्रों पर नियमित योगाभ्यास एवं राजयोग मेडिटेशन सत्र आयोजित किए गए। आर्ट गैलरी एवं म्यूजियम, न्यू सुरक्षा विहार, रॉयल एक्सीलेंस, विमल पार्क, गीता पाठशाला तथा अन्य सेवा केन्द्रों पर बड़ी संख्या में भाई-बहनों एवं नागरिकों ने भाग लेकर योग और राजयोग का अभ्यास किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा में किया गया, जिसमें ब्रह्माकुमारीज़ की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करने के साथ-साथ राजयोग मेडिटेशन का भी अनुभव किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल (सांसद, आगरा लोकसभा क्षेत्र एवं केंद्रीय राज्य मंत्री), धर्मेश (विधायक, आगरा कैंट), प्रभुदयाल कटारिया (जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता), मनीष बंसल (जिलाधिकारी, आगरा), आजाद सिंह (अपर जिलाधिकारी), एसडीएम एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से बीके मधु बहन, बीके माला बहन, बीके संगीता बहन, रुद्रपुर से पधारी बीके सूरजमुखी दीदी, शाहगंज सेवा केन्द्र की बहनों तथा अन्य भाई-बहनों ने सभी विशिष्ट अतिथियों को ईश्वरीय सौगात भेंट कर माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय आने का स्नेह निमंत्रण दिया।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी बहनों ने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ बनाता है, जबकि राजयोग मन, बुद्धि और संस्कारों को सशक्त बनाता है। वर्तमान समय में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य भी अत्यंत आवश्यक है। राजयोग के नियमित अभ्यास से तनाव, चिंता एवं नकारात्मक विचारों से मुक्ति प्राप्त कर जीवन में शांति, खुशी एवं सकारात्मकता का अनुभव किया जा सकता है।
योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों ने भाग लेकर स्वस्थ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।















