करेली,मध्य प्रदेश। बीके साधना दीदी ने कहा कि बेटियां केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव और संबल हैं। छात्राओं में ऊर्जा भरते हुए उन्होंने कहा कि भारत की धरा वीरांगनाओं की भूमि रही है। जब भी देश और समाज को आवश्यकता पड़ी, बेटियों ने अपने अदम्य साहस और प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, देवी अहिल्याबाई होल्कर के कुशल नेतृत्व और कल्पना चावला की असीम लगन का उदाहरण देते हुए छात्राओं को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। दीदी ने कहा कि बेटियां स्वयं को कभी असहाय न समझें; दृढ़ संकल्प, पवित्रता और आत्मबल के सहारे वे हर शिखर को छू सकती हैं। उन्होंने मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा के लिए राजयोग मेडिटेशन अपनाने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर बीके अंजलि दीदी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और समाज में सकारात्मक बदलाव की संवाहक बनने की प्रेरणा दी।
छात्राओं के ज्ञानवर्धन हेतु ब्रह्माकुमारीज संस्थान की ‘ओम शांति मीडिया’ पत्रिका भेंट की गई तथा अध्ययन में प्रोत्साहन के लिए सभी को पेन वितरित किए गए।
इस अवसर पर छात्रावास की प्रभारी अधीक्षिका शकुंतला मेहरा समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।




