Homeसमाचारकोलकाता : बागेश्वर धाम सरकार ने की ब्रह्माकुमारीज के नशामुक्ति अभियान की...

कोलकाता : बागेश्वर धाम सरकार ने की ब्रह्माकुमारीज के नशामुक्ति अभियान की सराहना

बी.के. पद्मा दीदी ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से की मुलाकात; 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान की दी जानकारी

कोलकाता,पश्चिम बंगाल: ब्रह्माकुमारीज के न्यू टाउन (कोलकाता) सेवाकेंद्र की प्रभारी बी.के. पद्मा दीदी ने बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर संस्था की ओर से देशभर में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

ब्रह्माकुमारीज और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से संचालित ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ (नशामुक्त भारत अभियान) के उद्देश्यों से बी.के. पद्मा दीदी ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अवगत कराया।

इस देशव्यापी अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को मादक पदार्थों, शराब, धूम्रपान तथा मोबाइल और स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग जैसी विभिन्न प्रकार की लतों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाकर स्वस्थ, नशामुक्त और नैतिक मूल्यों पर आधारित समाज का निर्माण करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

मुलाकात के दौरान बी.के. पद्मा दीदी ने ब्रह्माकुमारीज के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू से लाई गई ईश्वरीय सौगात, संस्था का साहित्य तथा प्रसाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भेंट किया। साथ ही, उन्होंने उन्हें पवित्र रक्षासूत्र (राखी) भी बांधा।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के वरिष्ठ सदस्य एवं 184 विश्व रिकॉर्ड के मानकरी बी.के. डॉ. दीपक हरके भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

नशामुक्ति अभियान की सराहना

समाज को व्यसनमुक्त बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा चलाए जा रहे इस सामाजिक एवं आध्यात्मिक अभियान की बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सराहना की। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए इस प्रकार के जनजागरण अभियानों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय