HomeUncategorizedपितृ पक्ष पर पूर्वजों की स्मृति में ईश्वरीय भोग, क्षमादान योग एवं...

पितृ पक्ष पर पूर्वजों की स्मृति में ईश्वरीय भोग, क्षमादान योग एवं श्रेष्ठ संस्कार अपनाने का संदेश

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बिलासपुर के प्रभु दर्शन भवन, टिकरापारा एवं शिव-अनुराग भवन, राज किशोर नगर में पितृ पक्ष के अवसर पर विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर पूर्वजों की स्मृति में ईश्वरीय भोग अर्पित किया गया तथा क्षमादान योग के माध्यम से आत्मचिंतन, क्षमा और श्रेष्ठ संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी गई।

दोनों कार्यक्रमों में ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने कहा कि पितृ पक्ष केवल पूर्वजों को याद करने का समय नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और संस्कारों को सुधारने का अवसर भी है। माता-पिता एवं परिवार के बुजुर्गों का जीवित रहते सम्मान करना, उन्हें समय देना, उनकी बातें सुनना और प्रेमपूर्वक उनकी सेवा करना ही सच्चे अर्थों में उनके प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि है।

मंजू दीदी ने कहा कि पूर्वजों के नाम पर भयभीत होने के बजाय हमें अपने कर्मों और व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए। यदि जाने-अनजाने में किसी का दिल दुखाया है, तो मन से क्षमा मांगकर अपने व्यवहार में सुधार करना चाहिए। इसी प्रकार दूसरों की गलतियों को क्षमा कर मन में शुभभावना बनाए रखने से आपसी संबंधों में मधुरता आती है और आत्मा हल्केपन एवं शांति का अनुभव करती है।

उन्होंने सभी को ‘मास्टर क्षमा का सागर’ बनने की प्रेरणा देते हुए परचिंतन, परदर्शन और परमत पर चलने से बचने तथा दूसरों की कमियों के बजाय स्वयं के संस्कारों को श्रेष्ठ बनाने पर ध्यान देने का संदेश दिया। साथ ही, विपरीत परिस्थितियों और विरोध के बीच भी शुभभावना बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाई-बहनों ने संकल्प लिया कि वे माता-पिता, बुजुर्गों एवं परिवार के सभी सदस्यों के प्रति प्रेम, आदर और सम्मान का भाव रखेंगे, किसी का दिल नहीं दुखाएंगे तथा अपने व्यवहार से दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करेंगे।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से पितृ पक्ष को केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित न रखते हुए आत्मचिंतन, क्षमादान, कृतज्ञता और श्रेष्ठ संस्कारों को जीवन में अपनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।

Photo Video Link https://photos.app.goo.gl/Rv4P12qAYktQaJZH6
https://youtu.be/kNFkVJv44j4

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय