देहरादून,उत्तराखंड। दीपावली के पावन एवं शुभ अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के नवनियुक्त माननीय राज्यपाल डॉ. दाल सिंह बिसेन जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर बी के मन्जू एवं बी के सुशील द्वारा राज्यपाल महोदय को देहरादून सब-जोन के अंतर्गत ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा संचालित विभिन्न आध्यात्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही संस्था द्वारा समाज को सकारात्मक दिशा देने, युवाओं में नैतिक मूल्यों का विकास करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया।


विशेष रूप से ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा संचालित दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, संस्कारवान एवं मूल्यनिष्ठ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
राज्यपाल महोदय को बताया गया कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्था राजयोग मेडिटेशन एवं आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से व्यक्ति के आंतरिक सशक्तिकरण के साथ-साथ एक स्वस्थ, शांतिपूर्ण एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर सेवाएं प्रदान कर रही है।
दीपावली के शुभ अवसर पर यह भेंट आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण के संकल्प को साझा करने का एक सुंदर अवसर बनी।

