Homeसमाचारभोराकलां : ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में भारतीय सुरक्षा...

भोराकलां : ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में भारतीय सुरक्षा बलों के अधिकारियों और सैनिकों के लिए तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के संवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ

“क्रोध और अहंकार आत्मा को करते हैं कमजोर” – अलका नांगिया अरोरा
– भारतीय सेना और सुरक्षाबलों के लिए ओम शांति रिट्रीट सेंटर में राष्ट्रीय संवाद का शुभारम्भ  
– मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिकता पर विशेष जोर

भोराकलां, हरियाणा: ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में भारतीय सुरक्षा बलों के अधिकारियों और सैनिकों के लिए तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के संवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सुरक्षा सेवा प्रभाग के अंतर्गत हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की रक्षा में तैनात प्रहरियों के मानसिक स्वास्थ्य, स्व-सशक्तिकरण और आंतरिक शांति को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन रक्षा लेखा महानियंत्रक अलका नांगिया अरोरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान भारतीय सुरक्षा बलों में विश्वास की एक मजबूत नींव तैयार कर रहा है। आज की इस अंधी दौड़ में जीवन केवल एक भागदौड़ बनकर रह गया है, ऐसे में जीवन में आध्यात्मिक ठहराव लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बल देते हुए कहा, “हमारा मन ही हमारा मित्र है और यही हमारा शत्रु भी है। हमें बाहरी दुनिया से पहले स्वयं को सशक्त करना होगा। क्रोध और अहंकार ऐसी दो प्रवृत्तियां हैं जो आत्मा को कमजोर करती हैं, और इन पर विजय पाकर ही जीवन को शक्तिशाली बनाया जा सकता है।”

आध्यात्मिकता ही सभी समस्याओं की प्रमुख औषधि: राजयोगिनी शुक्ला दीदी –
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी शुक्ला दीदी ने कहा कि आध्यात्मिक शक्ति ही साधारण मन को ‘सुमन’ बनाती है। विचारों की शुद्धता से ही मन शक्तिशाली बनता है। मौन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े-बड़े आविष्कार मौन की शक्ति से ही हुए हैं। सत्य का बोध ही शक्ति का मूल स्रोत है और आध्यात्मिकता ही मानसिक एवं आत्मिक समस्याओं की अचूक औषधि है।

नेतृत्व क्षमता और मानसिक फिटनेस पर दिग्गजों के विचार –
कार्यक्रम में देश के विभिन्न सुरक्षा अंगों के शीर्ष अधिकारियों ने शिरकत की और अपने अनुभव साझा किए:
– सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक सुनील जून ने कहा कि एक कुशल नेतृत्वकर्ता (लीडर) के लिए अपने क्रोध और अहंकार पर नियंत्रण रखना सबसे पहली शर्त है। संस्थान का मुख्य उद्देश्य व्यक्ति को उसकी अपनी असली पहचान से परिचित कराना है, क्योंकि ज्ञान ही परिवर्तन का प्रमुख सूत्र है।

– भारतीय नौसेना के रियर एडमिरल सी.एस. नायर ने स्पष्ट किया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट हैं, लेकिन आज के समय में ‘मानसिक स्वास्थ्य’ की जो आवश्यकता महसूस हो रही है, वह केवल आध्यात्मिकता के माध्यम से ही पूरी हो सकती है।

प्रारंभ में दिल्ली के महिपालपुर सेवाकेंद्र की प्रभारी राजयोगिनी अनुसूया दीदी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि शांति ही दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति है। जिस बदलाव की अपेक्षा हम दूसरों से करते हैं, उसकी शुरुआत हमें अपने-आप से करनी होगी। मुंबई से पधारी बीके दीपा ने उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों को गहन राजयोग के अभ्यास की अनुभूति कराई। भारतीय नौसेना के पूर्व कैप्टेन बीके शिव सिंह ने सुरक्षा सेवा प्रभाग द्वारा की जा रही सेवाओं की जानकारी दी।

सैनिकों के सम्मान में मुंबई के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक हरीश मोयल ने अपनी मधुर आवाज में एक सुंदर गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंचासीन अतिथियों का स्वागत तिलक, बैज और पटके पहनाकर किया गया।  राष्ट्रीय संवाद का कुशल और प्रभावशाली संचालन भारतीय सेना के पूर्व कर्नल बीसी सती ने किया। कार्यक्रम में भारतीय थल सेना, नौसेना, वायुसेना, विभिन्न अर्धसैनिक बलों तथा पुलिस विभाग के 400 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय