Homeसमाचाररायपुर: शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में हर्षोल्लास से दीपावली मनाई गई

रायपुर: शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में हर्षोल्लास से दीपावली मनाई गई

 घर की सफाई के साथ मन का मैल भी दूर करना होगा… ब्रह्माकुमारी सविता दीदी

रायपुर,छत्तीसगढ़। आज शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में दीपावली का त्यौहार हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह में रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी सहित रायपुर की अन्य ब्रह्माकुमारी बहनों ने दीप प्रज्वलित कर का कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने कहा कि दीपावली के अवसर पर हम जिस तरह घर की सफाई का ध्यान रखते हैं उसी प्रकार अन्तर्मन की सफाई भी जरूरी है। बाहर के अन्धकार को तो मिट्टी के दीपक जलाकर दूर कर सकते हैं किन्तु अंतर्मन में छाए हुए अन्धकार को दूर करने के लिए हमें मन में छिपे हुए काम क्रोध आदि मनोविकारों को दूर करना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि अब हमें सत्य परमात्मा से सत्य ज्ञान लेकर अपने जीवन को पावन बनाना होगा ताकि हम अपनी आत्म ज्योति जगाकर ईश्वरीय मिलन का वास्तविक सुख प्राप्त कर सकें। ऐसे मनोपरिवर्तन से ही पृथ्वी पर स्वर्ग आएगा। जहाँ श्री लक्ष्मी और श्री नारायण का राज्य होगा। उन्होंने बतलाया कि आत्मा ही सच्चा दीपक है। विकारों के वशीभूत हो जाने के कारण आत्मा की चमक आज मलिन हो गयी है। लोगों का अन्तर्मन काम, क्रोध आदि विकारों के अधीन हो चुका है। ऐसे विकारी मनुष्यों के बीच श्री लक्ष्मी का शुभागमन भला कैसे हो सकता है? यह कैसी विडम्बना है कि मन-मन्दिर की सफाई करने की जगह बाहरी सफाई से ही हम खुश हो जाते हैं। इस समय परमपिता परमात्मा जो कि जन्म-मरण के चक्र में न आने के कारण सदा ही जागती ज्योति हैं, हम मनुष्य आत्माओं की ज्ञान और योग से ज्योति जगाकर पावन बना रहे हैं। दीपावली का त्यौहार परमात्मा के इन्हीं कर्मों की यादगार है।

उन्होंने कहा कि हमेशा दूसरों के लिए अच्छा सोचें। सदैव शुभ सोचेंगे तो लाभ होना ही है। इसीलिए हमारी भारतीय संस्कृति में जब कोई नया कार्य शुरू करते हैं तो स्वस्तिक के साथ शुभ और लाभ लिखते हैं क्योंकि शुभ के साथ लाभ जुड़ा हुआ है।

इस अवसर पर सेवाकेन्द्र को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। आंगन में रंगोली भी सजायी गयी थी, जो कि बड़ा ही सुन्दर प्रतीत हो रहा था। इससे पहले परमात्मा शिवबाबा को भोग स्वीकार कराया गया। सविता दीदी ने सभी को अपने कमल हस्तों से भोग वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी। नन्ही बालिका कु. सिया ने नृत्य प्रस्तुत किया। स्थानीय गायिका कु. शारदा नाथ ने मधुर स्वर में गीत गाकर भाव विभोर कर दिया।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय