मुंबई-मुलुंड, महाराष्ट्र| ब्रह्माकुमारीज़ मुलुंड सबज़ोन द्वारा अपनी 55 वीं वर्षगांठ एवं भव्य दीपावली महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस वर्ष समारोह की मुख्य थीम थी — “बाहरी दीपों से आंतरिक प्रकाश की ओर” (From Outer Lamps to Inner Light)।
यह समारोह 32 सेवा केंद्रों के माध्यम से 55 वर्षों से की जा रही निःस्वार्थ आध्यात्मिक सेवाओं की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ भाईयों ने संस्था की विनम्र शुरुआत से लेकर आज तक की प्रेरणादायक यात्रा के संस्मरण साझा किए। साथ ही, पारसमणि रिट्रीट सेंटर की स्थापना को सामूहिक समर्पण, सहयोग एवं सेवाभाव का प्रतीक बताया गया।

इस विशेष अवसर पर राजयोगिनी डॉ. बी.के. गोदावरी दीदी को उनके दूरदर्शी नेतृत्व, मातृत्वपूर्ण स्नेह एवं अमूल्य सेवाओं के लिए भावपूर्ण सम्मान अर्पित किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्री लालजी भाई, श्रीमती वीणा भाटिया जी, गुजरात मार्ट एवं मुलुंड न्यूज़पेपर के प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।
दीप प्रज्वलन एवं केक कटिंग के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न सेवा केंद्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें नृत्य, संगीत एवं भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
प्रत्येक प्रस्तुति ने यही आध्यात्मिक संदेश दिया कि सच्ची दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अपने अंतर्मन में शांति, पवित्रता और प्रेम के दिव्य प्रकाश को जागृत करने का उत्सव है।







