विदिशा,मध्य प्रदेश। ब्रह्माकुमारीज बालाजीपुरम सेवा केंद्र विदिशा एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 10 करोड़ नशा मुक्ति महा प्रतिज्ञा अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन सामुदायिक भवन, विदिशा में किया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के हेड ऑफिस माउंट आबू, राजस्थान से स्पार्क विंग के कोऑर्डिनेटर बीके श्रीकांत भाई जी, बीके रामाजयम भाई एवं बीके विनय पांडे जी की विशेष उपस्थिति रही। विदिशा बालाजीपुरम सेवा केंद्र प्रभारी बीके सपना दीदी जी तथा ग्वालियर से बी के सतनाम भाई बीके साधन बहन एवं बीके मुस्कान बहन भी उपस्थित रहीं।
पुलिस विभाग की ओर से एसडीओपी श्री पंकज गीते जी, आरआई श्री केतन सीकरबार जी, सूबेदार श्रीमती मेघा शर्मा जी सहित पुलिस विभाग का समस्त स्टाफ कार्यक्रम में उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के दौरान ‘खुशियों की शक्ति’ (The Power of Happiness), Value Education एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता प्रदान की गई। वक्ताओं ने नशे से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ, सकारात्मक एवं मूल्य आधारित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में बालाजीपुरम सेवा केंद्र संचालिका बीके सपना दीदी जी ने उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने और नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं एवं नागरिकों को नशे से दूर रखना तथा स्वस्थ, खुशहाल और मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।



